---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, May 26, 2026

जनगणना को लेकर कलेक्टर हुए सख्त, समस्त एसडीएम एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देश


जनगणना कार्य का निरीक्षण करें और डेटा की शत-प्रतिशत शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं

शिवपुरी-जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के समापन में अब कुछ ही दिन शेष हैं। इस संबंध में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने समस्त एसडीएम एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है। अंतिम चरण में कार्य की गति के साथ-साथ डेटा की शत-प्रतिशत शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। निर्देशों में कहा गया है कि जनगणना के आंकड़े आगामी दशकों तक देश की नीतियों, संसाधन आवंटन एवं शासकीय योजनाओं का आधार बनते हैं।  किसी भी स्तर पर त्रुटिपूर्ण, अपूर्ण अथवा अनुमानित जानकारी स्वीकार्य नहीं होगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों एवं बंद मकानों का पुन: सत्यापन
सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सीमा क्षेत्रों में स्थित कोई भी भवन गणना से छूटने न पाए। जिन मकानों में पूर्व में ताला बंद पाया गया था, वहां प्रगणकों द्वारा पुन: भ्रमण कर वास्तविक जानकारी दर्ज की जाए। प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
फील्ड स्तर पर अनिवार्य भौतिक सत्यापन
खुले में शौच, मैनुअल सफाई व्यवस्था एवं अन्य संदिग्ध अथवा असामान्य एचएलबी प्रविष्टियों का शत-प्रतिशत फील्ड वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमएमएस पोर्टल पर प्रदर्शित डेटा विसंगतियों का तत्काल मिलान कर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
चार्ज अधिकारी एवं एसडीएम करेंगे नियमित समीक्षा
चार्ज अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर गुणवत्ता की जांच करने तथा सभी एसडीएम को दैनिक आधार पर प्रगति की व्यक्तिगत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments: