---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, July 30, 2026

मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मानव अधिकार उल्लंघन के मामलों का लिया संज्ञान


शिवपुरी से मानव अधिकार आयोग मित्र वीरेन्द्र माथुर ने रिपोर्ट की तैयार

शिवपुरी- मानव हितों को लेकर कार्यरत मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ.अवधेश प्रताप सिंह के द्वारा शिवपुरी जिले में मानव अधिकारों के उल्लंघन को लेकर मामला संज्ञान में लिया गया है और इस संबंध में शिवपुरी जिले के मामलों की रिपोर्ट बनाकर आयोग मित्र वीरेन्द्र माथुर के द्वारा तैयार कर शीघ्र भोपाल भेजी जाएगी। इसमें आमजन के स्वास्थ्य को लेकर शिवपुरी जिले के जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजिस्ट एवं टेक्नीशियन नहीं होने के कारण ईकों एवं टीएमटी मशीनों के बंद पड़े होने का मामला भी संज्ञान में लिया गया है जिसमें हृदय मरीजों को मजबूरन दूसरे जिलों के अस्पताल में रेफर करने को लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, शिवपुरी से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।

यह मामले आए संज्ञान में, आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत पर मांगी रिपोर्ट
आयोग मित्र वीरेन्द्र माथुर ने बताया कि मप्र मानव अधिकार आयोग ने शिवपुरी जिले के तीन प्रमुख मामलों को संज्ञान में लिया है जिसमें पहला मामला जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मृत्यु होने की घटना है। यहां ग्राम वियजपुरा निवासी 14 वर्षीय आदिवासी युवक अपने रिश्तेदार युवक के साथ जंगल में बकरियां चराने गया था। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिये दोनों बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गये। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। साथ ही दो युवक के साथ आई 17 भैंस और 9 बकरियों की भी मृत्यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर शिवपुरी से मामले की जांच कराकर मृतकों के उत्तराधिकारियों को शासन के नियमानुसार देय आर्थिक सहायता दिये जाने के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।

छात्रावास में नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं, छात्राएं परेशान
शिवपुरी जिले के टीवी टावर रोड स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में छात्राओं को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छात्रावास में छात्राओं को मिलने वाले भोजन में कीड़े निकलते है, पानी की व्यवस्था भी खराब है और 50 छात्राओं के लिये केवल एक ही शौचालय उपलब्ध है। छात्रावास में होने वाली अव्यवस्थाओं के कारण छात्राओं को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं द्वारा इस संबंध में शिकायत करने पर उनके साथ अभद्र भाषा और धमकियां दी जाती है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, शिवपुरी से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।

No comments: