शिवपुरी। ग्वाल समाज सकल (पंच)शिवपुरी द्वारा समाज की होनहार बेटी जिया यादव ग्वाल की शानदार खेल उपलब्धियों पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर उसका सम्मान किया गया। जिया ने महज 16 वर्ष की उम्र में तैराकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल प्रदेश, बल्कि देश का नाम रोशन किया है। जिया यादव, विजय यादव एवं श्रीमती राजकुमारी यादव निवासी हंसारी, झांसी की पुत्री हैं। उन्होंने बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित एशियन तैराकी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इससे पूर्व वर्ष 2026 में गुजरात के अहमदाबाद एवं ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित तैराकी प्रतियोगिताओं में भी जिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।जिया के शिवपुरी आगमन पर उनकी इस उपलब्धि के सम्मान में ग्वाल छावनी ठकुरपुरा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्वाल समाज सकल पंच शिवपुरी के महाते प्रेम पड़रिया, श्रवण लाल चौधरी एवं दीवान धनीराम कछवाए के संरक्षण में आयोजित हुआ। समारोह में जिया के माता-पिता के साथ उनके नाना धनीराम कछवाए तथा मामा महेंद्र दीवान एवं वीरेन्द्र दीवान ने भी सहभागिता की। इसके साथ ही ग्वाल समाज ईसागढ़ की प्रतिभा रवि ग्वाल जनपद सीईओ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी भी मौजूद रही जिनका भी माल्यार्पण का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर समाजजनों ने जिया की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिया ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से समाज के साथ-साथ शिवपुरी एवं मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने जिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में नत्था पड़रिया, रामसिंह भगतजी, वंशी रायठौर, सीताराम वानिये, भूपेंद्र दीवान, मोहन कछवाए, कमल कछवाये (निरीक्षक, आईटीबीपी), फूलचंद रियार, छननु अहीर, दिलीप चंदेल, मुन्ना कछवाए, शंकर पड़रिया, विष्णु दीवान, महेंद्र दीवान, रवि कच्छवाए, युवा ग्वाल समाज समिति अध्यक्ष लाल पड़रिया, चतुर्भुज, जगदीश अहीर सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन पत्रकार राजू यादव ग्वाल ने किया।




No comments:
Post a Comment