कलेक्टर के भरोसे के बाद लौटे परिवार, कहा- चिंता मत करो, सभी की जमीनें वापस मिलेंगीशिवपुरी- भैंसरावन के सहरिया आदिवासी मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे तो उनके हाथों में सिर्फ आवेदन नहीं था। साथ में आटा, आलू और लकडयि़ां भी थीं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर आए परिवारों ने रात गुजारने की तैयारी कर रखी थी। उन्हें डर था कि जमीन की सुनवाई के लिए फिर इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन कलेक्टर अर्पित वर्मा के ठोस आश्वासन के बाद वे सहरिया क्रांति जिंदाबाद के नारे लगाते हुए गांव लौट गए। इन परिवारों की मांग सीधी है- उनकी जमीन पर कब्जा हटे और वे अपने खेत में खेती कर सकें। ग्राम भैंसरावन, जनपद पंचायत पोहरी के आदिवासियों का कहना है कि दबंगों ने उनकी जमीनों पर कब्जा कर रखा है। कई बार आवेदन देने के बावजूद उन्हें जमीन वापस नहीं मिली। खेती रुकने से घरों की आजीविका टूट गई है। जिन खेतों से अनाज आना चाहिए, वहां उनके ही परिवार बेबस होकर खड़े हैं। आज सहरिया क्रांति के बैनर तले वे हाथों मे तख्तियाँ लेकर पहुँचे थे
आवेदन में बालू पुत्र अनेगा की सर्वे नंबर 1244 और भूरा पुत्र अनेगा की सर्वे नंबर 1243/4 की जमीन का उल्लेख है। जग्गा पुत्र पांचया की जमीन सर्वे नंबर 626, 627, 613 और 628 में है, जबकि श्रीया की जमीन सर्वे नंबर 259 पर है। जानकी बाई पत्नी ज्ञानी के पास वनाधिकार पट्टा है। परिवारों ने पट्टे के अनुसार उन्हें जमीन का अधिकार दिलाने और खेती शुरू कराने की मांग की। सर्वे नंबर 848 की समस्या ने परिवारों की मुश्किल और बढ़ा दी है। ब्रह्मा, राजाराम, कैलासी, सूरज और रुकम ने वनाधिकार के लिए ऑनलाइन दावे किए हैं। दावा दर्ज होने के बाद भी वन विभाग उन्हें खेती करने से रोक रहा है। आदिवासियों का कहना है कि एक तरफ उनकी जमीनों पर दबंग कब्जा जमाए बैठे हैं, दूसरी तरफ वन विभाग खेतों में काम नहीं करने देता। जमीन पर अधिकार की लड़ाई के बीच परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने परिवारों से कहा, चिंता मत करो, सभी की जमीनें वापस मिलेंगी। आज एसडीएम खुद मौके पर पहुंचेंगे।

No comments:
Post a Comment