थीम रोड़ पर खड़े हाथ ठेलों से बाधित हो रहा था यातायात, पार्किंग समस्या भी थी परेशानीशिवपुरी। शहर के एबी रोड़ स्थित नवग्रह मंदिर पर यातायात में अवरोध बन रहे हाथ ठेलों को व्यवस्थित करने को लेकर यातायात प्रभारी रणवीर यादव के द्वारा मुहिम चलाई गई और यहां मुख्य थीम रोड़ पर यातायात में अवरोध पैदा कर रहे हाथ ठेलों को थीम रोड़ की नाली के पीछे खड़ा कराया गया ताकि यहां ना तो यातायात बाधित हो और ना ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग संबंधी समस्या हो।
इसे लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं ने यातायात विभाग की इस मुहिम को सराहा क्योंकि यहां आए दिन मंदिर परिसर के बाहर ही थीम रोड़ पर हाथ ठेले लगने से आए दिन हादसों की संभावना बनी रहती थी साथ ही मुख्य थीम रोड़ पर हाथ ठेले खड़े होने से मार्ग भी संकुचित हो रहा था और वाहन पार्किंग को लेकर स्थान भी उपलब्ध नहीं था। ऐसे में शनिवार को यहां नवग्रह मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखतें हुए यातायात प्रभारी रणवीर यादव के द्वारा ना केवल मौके पर पहुंचकर बाधित यातायात को व्यवस्थित करने पूजन सामग्री व माला बेचने वाले हाथ ठेलों को थीम रोड़ की नाली के पीछे खड़ा किया बल्कि यह हिदायत भी दी कि भविष्य में मुख्य थीम रोड़ पर किसी भी प्रकार से कोई हाथ ठेला खड़ा ना हो अन्यथा चालानी कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि लगातार शहर के यातायात को व्यवस्थित करने को लेकर यातायात प्रभारी रणवीर यादव के द्धारा लगातार यातायात व्यवस्था को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के चलते शनिवार को वह नवग्रह मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि ठेले वालों ने मुख्य थीम रोड़ पर अपने हाथ ठेले लगा रखे है जिस पर यातायात प्रभारी रणवीर ने उन्हें सड़क से हटवाकर व्यवस्थित करवाया और समझाईश दी। जिससे यहां अब व्यवस्थित यातायात भी आमजन व श्रद्धालुओं को उपलब्ध हुआ और पार्किग के लिए भी पर्याप्त जगह निकलकर सामने आई।

No comments:
Post a Comment