---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, July 21, 2026

शासकीय योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ : संभागायुक्त मनोज खत्री


संभागायुक्त ने की आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

शिवपुरी-जिले के दो विकासखंड कोलारस और पिछोर को आकांक्षी विकासखंड के रूप में शामिल किया गया है। गत दिवस संभागायुक्त मनोज खत्री ने कोलारस ब्लॉक की समीक्षा की। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, जिला पंचायत सीईओ विजय राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए। संभागायुक्त मनोज खत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने जून और जुलाई माह की उपलब्धियों की तुलना करते हुए प्रगति में आई कमी के कारण की जानकारी ली। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शौचालयों की स्थिति की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।  स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने संस्थागत प्रसव, एएनसी जांच, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम तथा अस्पतालों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की समय पर जांच और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। जिन गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धि कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर सुधार किया जाए। 

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त श्री खत्री ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को राशि जारी होने के बावजूद लंबे समय से आवास निर्माण पूरा नहीं हुआ है, उनकी अलग से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति का विवरण तैयार करने और बिजली विभाग तथा बीएसएनएल के साथ समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में संभागायुक्त मनोज खत्री ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की सभी योजनाओं का लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

No comments: