Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Sunday, October 23, 2022

उत्साह, उल्लास के साथ आज मनाया जाएगा दीप पर्व दीपावली का त्यौहार


बाजार में उमड़ा लोगों का अंबार, भीड़भाड़ के साथ ही लोगों ने की खूब खरीदारी

शिवपुरी-बीते दो वर्षों के कोरोना काल के बाद अब हालात सामान्य होने पर नगर में दीप पर्व दीपावली का त्यौहार बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर बाजार में दीप पर्व दीपावली पर बाजार में लोगों का अंबार उमड़ा और लोग अपनी जरूरतों के अनुसार बाजार में खरीदारी करते हुए नजर आए। शहर के प्रमुख बाजार सर्राफा मार्केट, गांधी चौक, कोर्ट रोड़, सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजार में लोगों की आवाजाही बनी रही। 

इस वर्ष नगर पालिका के द्वारा एक ओर जहां दीपावली के त्यौहार को लेकर कोई शुल्क नहीं वसूला गया तो वहीं यातायत विभाग के द्वारा हाथ ठेलों को लेकर व्यवस्था भी बनाई गई है जिसमें कोर्ट रोड़ पर दो पट्टियों के रूप में हाथ ठेलों पर लोग दीपावली की सामग्री बिक्री करते हुए नजर आए। इसके साथ ही दीपावली को लेकर इस बाहर ग्रहण के चलते 25 अक्टूबर के बजाए 24 अक्टूबर को ही दीपावली का त्यौहार मनाया जा रहा है जिसमें घर-घर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के साथ महालक्ष्मी पूजन होगा तत्पश्चात जोरदार आतिशबाजी व नए-नए कपड़ों में सज-धज कर लोग परिवार के साथ मिलकर दीपावली का यह पर्व मनाऐंगें। दीपावली के इस पर्व पर शहर के कपड़ा बाजार में भी खूब खरीदारी हुई तो वहीं दुपहिया वाहनों को भी शोरूम पर पहुंचकर कई ऑफर का लाभ दिलाते हुए विक्रय किया गया।

त्यौहार को लेकर बाजार में दिखी रौनक
इस बार दीप पर्व दीपावली को लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली। जहां बाजार में हाथ ठेला, कपड़े, फूलमाला, मिष्ठान आदि दुकानों पर लोगों की आवाजाही और खरीदी होती हुई नजर आई। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स बाईक शोरूम, सहित होंडा, हीरो, टीव्हीएस सहित कार शोरूमों पर भी लोगों की खरीदी देखने को मिली। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी अच्छी ग्राहकी देखी गई। जहां लोगों ने मनपसंद अनुरूप गहनो की खरीदी भी गई।

घर सजाने की सामग्री की दुकानों पर भी हुई खरीदारी
इसके साथ ही दीपावली पर बाजार में घर सजाने की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई। यहां घर सजाने की आकर्षक सामग्री के साथ-साथ लोग बाजार में अन्य खरीदी को लेकर दुकानों पर देखे गए। मिष्ठान की दुकानों पर लोगों का हुजूम आज दीपावली त्यौहार को लेकर उमड़ेगा और इसके साथ ही उपहार खरीदारी भी होगी ताकि कई लोग दीपावली पर एक-दूसरे को तोहफे के रूप में उपहारों का भी आदान-प्रदान कर सकें।

त्यौहार को लेकर सतर्क है पुलिस व प्रशासन
शुभ दीपावली पर कोई खलल ना हो इसे लेकर पुलिस भी सतर्क है और शहर के माधवचौक चौराह, गुरूद्वारा, झांसी तिराहा, फिजीकल मार्ग सहित शहर के विभिन्न स्थानों सहित आतिशबाजी बाजार सिद्धेश्वर टेक व गांधी पार्क मैदान में भी पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई है ताकि लोग के त्यौहार मे कोई व्यवधान व परेशानी ना आए।

लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश रांठखेड़ा ने दी दीपोत्सव पर्व की शुभकामनाएँ
लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ ने प्रदेश के नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए सभी के लिए सुख, शांति और विकास की कामना की है। श्री धाकड़ ने कहा कि दीपावली समृद्धि तथा प्रकाश का प्रतीक है। यह पर्व इस बात को रेखांकित करता है कि एक नन्हा-सा दीपक भी अंधकार के विरुद्ध रोशनी के प्रसार का सशक्त माध्यम है।

कलेक्टर और एसपी ने जिलेवासियों को दी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के द्वारा समस्त जिलेवासियों को दीपावली के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस दौरान अपने संदेश में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने सभी जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दीपावली का त्यौहार सभी के लिए नई उमंग, उत्साह, और नई सफलताएँ लेकर आये तथा सभी का जीवन दीपक की रोशनी की तरह जगमगाए और अपार खुशियां मिलें। उन्होंने जिलेवासियों के सुखमय और समृद्ध जीवन की मंगल-कामना की है। साथ ही कहा है कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखने के लिए खतरनाक पटाखों का उपयोग न करें। सावधानी से पटाखे जलायें।

No comments:

Post a Comment