---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, September 21, 2026

भारत विकास परिषद शाखा शिवपुरी ने उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का किया सम्मान


शिवपुरी।
भारत विकास परिषद, शाखा शिवपुरी द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी शहर के विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सम्मान का अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित कर शिक्षा, संस्कार एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व का संदेश दिया गया।

जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद शाखा शिवपुरी अध्यक्ष गणेश गुप्ता एवं शाखा सचिव अमित सहगल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस कार्यक्रम में परिषद् के सदस्य प्रह्लाद भारती अशोक गोयल एवं संस्था के अन्य पदाधिकारी व सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने मिलकर विद्यालय के शिक्षक हेमंत जैमिनी, श्रीमती नमिता जुनेजा, दुर्गेश चौबे, विवेक श्रीवास्तव, श्रीमती अंकिता सिंह एवं श्रीमती रश्मि ओझा तथा उत्कृष्ट विद्यार्थी वेणुगोपाल दंडोतिया एवं दक्ष शर्मा को सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद, शाखा शिवपुरी द्वारा इस वर्ष शहर के 13 विद्यालयों में 26 उत्कृष्ट विद्यार्थियों एवं 30 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
अपने ही विद्यालयों में लौटकर किया गुरुजनों का सम्मान
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सम्मान समारोह में उपस्थित परिषद् के अनेक सदस्य स्वयं कभी इन्हीं विद्यालयों के विद्यार्थी रह चुके हैं। वर्षों बाद उन्हीं शिक्षण संस्थानों में लौटकर अपने शिक्षकों का सम्मान करना उनके लिए भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण अनुभव रहा। इस अवसर पर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ वर्तमान पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार एवं समाजसेवा से जुडऩे की प्रेरणा भी मिली। भारत विकास परिषद, शाखा शिवपुरी का यह सम्मान अभियान गुरु-शिष्य संबंधों को सुदृढ़ करने तथा समाज में शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

No comments: