शिवपुरी- श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज शिवपुरी परिसर में बुधवार को क्लब फुट शिविर का आयोजन किया गया। यह नियमित क्लिनिक मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. इला गुजारिया एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आशुतोष चौऋषि के कुशल प्रबंधन तथा आरबीएसके के सहयोग से अनुष्का फाउंडेशन, मुंबई द्वारा संचालित किया गया।प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाले इस क्लिनिक में क्लब फुट से ग्रसित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं उपचार किया जाता है। शिविर में हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष व प्रोफेसर डॉ. पंकज शर्मा ने बच्चों का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया और परिजनों को उपचार के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। शिविर के दौरान चिकित्सकीय जांच के बाद 4 बच्चों के पैरों का प्लास्टर किया गया। वहीं, उपचार के अगले चरण में पहुंच चुके 7 बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन की ओर से विशेष प्रकार के जूते मुफ्त उपलब्ध कराए गए। डॉक्टरों के अनुसार, उपचार के बाद पैरों को स्थायी रूप से सही स्थिति में बनाए रखने के लिए इन विशेष जूतों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
इस अवसर पर हड्डी रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. आयुष, डीईआईसी मैनेजर राजेन्द्र शर्मा, स्टाफ नर्स माधुरी जाट, रामू भदौरिया, दीपक शर्मा तथा अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिनेश सोलंकी सहित बच्चों के परिजन उपस्थित रहे। फाउंडेशन के दिनेश सोलंकी ने संस्था के माध्यम से बच्चों को विशेष जूते वितरित किए। डॉक्टरों ने सलाह दी कि क्लब फुट का इलाज जन्म के तुरंत बाद (पहले या दूसरे हफ्ते से) शुरू कर दिया जाए, तो बिना किसी बड़ी सर्जरी के प्लास्टर (पोंसेटी विधि) और विशेष जूतों की मदद से बच्चे के पैर पूरी तरह ठीक हो सकते हैं।

.jpg)
No comments:
Post a Comment