महिला आयोग अध्यक्ष ने सुनी महिलाओं की समस्याएं, 50 प्रकरणों पर हुई जनसुनवाईशिवपुरी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने सोमवार को स्थानीय सर्किट हाउस शिवपुरी में महिलाओं से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु उन्होंने पुलिस अधीक्षक को जिले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (मानव तस्करी रोधी) तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने, सेक्स वर्कर्स से जुड़े मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर उचित कानूनी कदम उठाने तथा हेल्पलाइन के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर म.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव, सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, म.प्र. राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव सुरेश तोमर, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, उपनिदेशक रामावतार सिंह, एसडीएम आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थभूषण शर्मा, महिला बाल विकास अध्किारी धीरेन्द्र जादौन, राघेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस दौरान महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर के समक्ष जनसुनवाई में पहले से लंबित 10 प्रकरणों के अलावा करीब 50 मामलों में महिलाओं ने अपनी शिकायतें रखीं। इनमें घरेलू हिंसा, पति-पत्नी विवाद, सरकारी कर्मचारी व शिक्षक से जुड़े मामले तथा साइबर अपराध की शिकायतें शामिल रहीं। आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए और पात्र महिलाओं को तीन दिनों में योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही। श्रीमती रहाटकर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामले अक्सर पारिवारिक और संवेदनशील होते हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण को समझकर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव और गलत मानसिकता को दूर करने की जरूरत है। बेटियां शिक्षा, खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और महिलाओं के नेतृत्व में विकास को बढ़ावा देना जरूरी है।
उन्होंने दहेज कानून सहित अन्य कानूनों के दुरुपयोग से बचने की अपील करते हुए कहा कि गलत आरोपों से वास्तविक पीड़ित महिलाओं के मामलों पर भी असर पड़ता है। कानून सभी के लिए समान है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सेक्स वर्कर्स से जुड़े मामलों में उचित कदम उठाने और महिलाओं को हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
ग्राहक पंचायत ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपकर महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने और उन्हें अभद्रता व मानसिक प्रताडऩा से बचाने की मांग की है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह रघुवंशी एवं कोषाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि संगठन की महिला कार्यकर्ताओं-श्रीमती उमा उपाध्याय, सुश्री शुभ्रा शर्मा और वंदना नामदेव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष से मुलाकात कर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया।
आयोग अध्यक्ष ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यद्यपि स्मार्ट मीटर लगाना सीधे तौर पर आयोग का विषय नहीं है, लेकिन यदि कर्मचारियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता या प्रताडऩा की जा रही है, तो आयोग इस पर कड़ी कार्रवाई अवश्य करेगा। आयोग अध्यक्ष से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद ग्राहक हितैषी संगठन के प्रतिनिधि पूरी तरह संतुष्ट नजर आए।



No comments:
Post a Comment