शिवपुरी- यूआईटी आरजीपीवी कॉलेज, सतनवाड़ा में एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के 30 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया और मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर एस.के. धाकड़, एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक रवि गुप्ता एवं राजकुमार कल्याण सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इनमें शुभम किरार, वेद शुक्ला, देवांश चौधरी, शैलेंद्र धाकड़ एवं शिवम धाकड़ सहित अन्य विद्यार्थियों ने रक्तदान करने के साथ ही शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
रक्तदान कोई सामाजिक गतिविधि नहीं बल्कि यह मानवता के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी: एचडीएफसी बैंक प्रबंधक रवि गुप्ता
शिविर के दौरान एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक रवि गुप्ता ने रक्तदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जागरूकता संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहने तथा योग्य होने पर नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।
शिविर में चिकित्सकों व बैंक कर्मचारियों ने की सहभागिता
शिविर में शासकीय अस्पताल के चिकित्सकों एवं एचडीएफसी बैंक के कर्मचारियों ने भी सहभागिता निभाई। चिकित्सकों की देखरेख में निर्धारित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक सावधानियों के साथ रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर श्री एस.के. धाकड़ ने विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक एवं मानवीय कार्य है। हमारे द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास होना भी आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को समाज के प्रति अपने दायित्वों का एहसास कराते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानवता, समाज सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। शिविर में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित किया कि युवा शक्ति सकारात्मक पहल के माध्यम से समाज में सार्थक बदलाव लाने की क्षमता रखती है।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment