---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, November 13, 2026

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया नवीन फल मंडी का लोकार्पण



कहा- व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की पहली प्राथमिकता

शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी को मिली नवीन फल मंडी की सौगात का शुक्रवार को भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फीता काटकर एवं शिलापट्टिका का अनावरण कर नवीन फल मंडी का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर नवीन फ्रूट मंडी एसोसिएशन एवं फल कारोबारियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए इस सौगात के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी के फल व्यापारियों को लंबे समय से एक व्यवस्थित और सुविधायुक्त मंडी की आवश्यकता थी। नवीन फल मंडी के रूप में इस आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडी केवल व्यापार का केंद्र नहीं होती, बल्कि इससे किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और आम नागरिकों की आजीविका भी जुड़ी होती है। हमारा प्रयास है कि मंडी में व्यापारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें और व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवीन फल मंडी के विकास को लेकर आगे भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि यहां व्यापारियों को सुविधाजनक वातावरण मिल सके और शिवपुरी की आर्थिक गतिविधियों को गति मिले। 

इस अवसर पर नवीन फ्रूट मंडी के नवनियुक्त अध्यक्ष अकबर राईन ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवीन फल मंडी शिवपुरी के फल कारोबारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने मनोनयन पर मंडी के सभी कारोबारियों एवं केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए आशीर्वाद के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। अकबर राईन ने कहा कि नवीन मंडी स्थल पर अभी कई अन्य विकास कार्य किए जाने शेष हैं। उन्हें पूर्ण कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोग एवं प्रयासों से कार्य कराए जाने का उन्हें पूरा विश्वास है। उन्होंने मंडी के समग्र विकास और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, विधायक देवेंद्र जैन, विधायक महेंद्र यादव, पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, भाजपा महामंत्री लवलेश जैन चीनू, हरवीर रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, नवीन फ्रूट मंडी के नवनियुक्त अध्यक्ष अकबर राईन, उपाध्यक्ष असलम हुसैन एवं कोषाध्यक्ष वीरेंद्र खटीक सहित स्थानीय भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि एवं नवीन फ्रूट मंडी से जुड़े बड़ी संख्या में कारोबारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में फल मंडी से जुड़े व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताते हुए नवीन फल मंडी के विकास और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद व्यक्त की। नवीन फल मंडी का शुभारंभ शिवपुरी के फल व्यापारियों के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

No comments: