भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ा, पुलिस वाहन का शीशा भी फूटा, लाठीचार्ज के बाद धरने पर बैठे लोगशिवपुरी। शहर के थाना फिजिकल क्षेत्र अंतर्गत आने वाली करौंदी कॉलोनी में दीपावली की रात पटाखे फोडऩे को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को बड़ा हंगामा बन गया। एक युवक, उसकी मां और बहन के साथ मारपीट के मामले में आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग को लेकर 500 से अधिक लोग फिजिकल थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं, स्थानीय नागरिक, पार्षद एमडी गुर्जर और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी शामिल थे। पुलिस द्वारा आरोपियों का जुलूस निकालने से इनकार करने पर नाराज भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस वाहनों के पीछे दौड़ पड़ी। इस दौरान एक पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेडऩा पड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार करौंदी कॉलोनी निवासी आदित्य बाथम उम्र 19 वर्ष ने थाना फिजीकल में शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बाबा खान ने पटाखे चलाने को लेकर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बाबा खान अपने बेटो फैजान और जुबेर सहित अन्य लोगों के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडे और पल्टा लेकर उसके घर में घुस आया और मारपीट करने लगा। आदित्य के अनुसार जुबेर ने पल्टे से उसके सिर पर वार किया, जिससे खून निकलने लगा, जबकि फैजान ने लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां सकुन बाथम के बाएं हाथ में चोट आई, वहीं बहन संध्या के दोनों घुटनों में चोटें आईं। पीडि़त परिवार ने आरोपियों पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
घटना के बाद स्थानीय पार्षद और बजरंग दल पहुंचे थाने, किया घेराव
इस घटना के विरोध में सोमवार सुबह करीब 10 बजे से पीडि़त परिवार के साथ स्थानीय पार्षद एमडी गुर्जर और बजरंग दल के कार्यकर्ता फिजिकल थाने पहुंचे। देखते ही देखते वार्ड के लोगों की संख्या बढ़ती गई और थाने के बाहर 500 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रदर्शनकारी आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग पर अड़े रहे और नारेबाजी करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग करते रहे। भीड़ की बढ़ती संख्या और जुलूस के दौरान अप्रिय स्थिति पैदा होने की आशंका को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी। सुरक्षा के मद्देनजर बज्र वाहन सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
जुलूस ना निकालने से नाराज हुए प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी पुलिस बेरीकेटिंग
दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस ने आरोपियों को थाने से बाहर निकालकर वाहन में बैठाया और न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। आरोपियों का जुलूस नहीं निकाले जाने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस वाहन के पीछे दौडऩे लगे। इसी दौरान एक अन्य पुलिस वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया। अचानक बिगड़े हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को मौके से खदेड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
इनका कहना है-
आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है, जिन लोगो ने उपद्रव मचाया है पुलिस का वाहन तोड़ा है उन्हें चिह्नित कर रहे है उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने एवं पुलिस वाहन में तोडफ़ोड़ को लेकर भी उचित कार्यवाही की जाएगी।
अविनाश राठौड़
थाना प्रभारी, फिजीकल, शिवपुरी

No comments:
Post a Comment