---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, November 3, 2026

हैप्पीडेज़ स्कूल में वर्ष भर गूंजा प्रतिभा और उत्साह का रंग, इंटर-हाउस प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर



शिवपुरी-
हैप्पीडेज स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए वर्षभर विभिन्न इंटर-हाउस गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत टेबल टेनिस, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, योग एवं शतरंज प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, शारीरिक दक्षता और टीम भावना को प्रोत्साहित किया। वहीं साहित्यिक एवं बौद्धिक गतिविधियों में आशुभाषण, मोनोलॉग, हिंदी भाषण, वाद-विवाद, हिंदी कविता वाचन तथा कठपुतली के माध्यम से कहानी प्रस्तुत करने जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति क्षमता, भाषा कौशल और तार्किक चिंतन को विकसित करने का अवसर मिला। कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में नृत्य, समूह गायन, दृश्य एवं प्रदर्शन कला तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं ने विशेष आकर्षण पैदा किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।

विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती गीता दीवान ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने और उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं प्राचार्या श्रीमती अंजू शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की छिपी हुई प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढऩे के अवसर प्रदान करना भी है। इसके अतिरिक्त कोलाज मेकिंग, राखी मेकिंग, रंगोली, दीया सजावट, पूजा थाली एवं तोरण सजावट, फोटोग्राफी, हस्तलेखन कला, नवाचार और पाक कला जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में बिना आग के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं व्यावहारिक कौशल का परिचय दिया। इस प्रकार वर्षभर आयोजित इंटर-हाउस प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के लिए सीखने, आगे बढऩे और अपनी प्रतिभा को पहचानने का एक यादगार अनुभव साबित हुईं।

No comments: