---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, November 2, 2026

ग्वाल समाज सकल पंच की सामाजिक बैठक ललितपुर में आयोजित, आगामी 11 फरवरी 2027 बसंत पंचमी को होगा आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन





सात वर्ष बाद ललितपुर छावनी में होगा समाज का सामूहिक विवाह आयोजन, सर्वसम्मति से 21 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित 

शिवपुरी। ग्वाल समाज की सामाजिक एकता, संगठनात्मक समन्वय एवं पुरातन पंचायती परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ललितपुर के गोकुलम आश्रम में ग्वाल समाज सकल पंच की सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिवपुरी, सागर, बीना, मुंगावली, झांसी एवं ललितपुर सहित समाज की विभिन्न छावनियों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 11 फरवरी 2027, बसंत पंचमी के अवसर पर ललितपुर छावनी में आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए ग्वाल समाज सकल पंच शिवपुरी के अध्यक्ष राजू यादव ग्वाल ने बताया कि ग्वाल समाज अपनी पुरातन परंपराओं और सामाजिक पंचायती व्यवस्था को आज भी महत्व देता है। समाज की सभी बारह छावनियों में सकल पंच की व्यवस्था सामाजिक एकता और समन्वय का आधार है। इसी संगठनात्मक शक्ति और सभी छावनियों के सहयोग से सात वर्ष बाद एक बार फिर ललितपुर छावनी में आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

अभी 21 जोड़ो का विवाह करने का लक्ष्य किया तय, अधिक होने पर पंजीयन तिथि की अंतिम दिवस के पूर्व भी जोड़ हों सकेंगे शामिल

इस दौरान बताया गया कि इस विवाह सम्मेलन में प्रारंभिक रूप से 21 विवाह योग्य जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी समाजबंधुओं से आग्रह किया जाएगा कि वे अधिक से अधिक विवाह योग्य जोड़ों का पंजीयन कराएं तथा सपरिवार सम्मेलन में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। निर्धारित लक्ष्य के अतिरिक्त भी यदि अन्य जोड़ों के आवेदन प्राप्त होते हैं तो पंजीयन की अंतिम तिथि से पूर्व उन्हें भी शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

नवदंपतियों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री की जाएगी भेंट 

सामूहिक विवाह सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए दुपहिया वाहन, टीवी, फ्रिज, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान करने की योजना बनाई गई है। सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए शीघ्र ही विस्तृत सामग्री तैयार कर सभी छावनियों के समाजबंधुओं तक पहुंचाई जाएगी तथा उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

सभी छावनियों के प्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का आश्वासन 

बैठक में ललितपुर छावनी से महाते लक्ष्मी नारायण एवं पूर्व पार्षद संजय सुरा, शिवपुरी से प्रेम पड़रिया महाते, खुमान चंदेल, भूपेंद्र दीवान, युवा अध्यक्ष लाल पड़रिया एवं पत्रकार राजू यादव ग्वाल, बीना से भूपत हिन्वार, महेंद्र वानिये एवं टार्जन हिन्वार, सागर से दीना लम्बरदार, मोतीलाल स्वामी, हीरा पड़रिया, सूबेदार शिव प्रसाद, दिलीप दीवान, पुरुषोत्तम रियार, शंकर पहलवान एवं राजकुमार कच्छवाए, गोपाल फौजी, झांसी से शेर सिंह रियार (चौधरी), अशोक हिन्वार, जितेंद्र चंदेल, मुन्ना रियार एवं विजय, मुंगावली से नेतराम महाते एवं बंटी सहित विभिन्न छावनियों के अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया। अंत में ललितपुर छावनी के महाते लक्ष्मी नारायण एवं संजय सुरा ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

हर तीन-चार माह में आयोजित होंगी सामाजिक पंचायतें 

बैठक में सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। तय किया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के बाद प्रत्येक तीन से चार माह के अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर सामाजिक बैठकें एवं पंचायतें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में समाज के विकास, सामाजिक सुधार, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर समाजबंधु अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे। इस पहल को समाज की एकजुटता और भविष्य की योजनाओं को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना गया।

No comments: