---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, November 3, 2026

खोड़ जनसुनवाई शिविर : कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सुनी आमजन की समस्याएं, मौके पर किया त्वरित निराकरण



बी.पी.एल., आहार अनुदान, आधार कार्ड और नामांतरण प्रकरणों का मौके पर हुआ समाधान

शिवपुरी-आमजन की समस्याओं का उनके ही स्थानीय क्षेत्र में सुलभ और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा की विशेष पहल पर मंगलवार को तहसील पिछोर के खोड़ उपतहसील कार्यालय में एक वृहद जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय ग्रामीण अंचल के नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, ताकि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों और कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। इस कैंप के दौरान राजस्व, नामांतरण, बिजली, पानी, कब्जा, अतिक्रमण, राशन, बीपीएल कार्ड, पेंशन, सहकारिता एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा एक-एक आवेदन गंभीरता ओर संवेदनशीलता के साथ सुना गया जिसमें कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान नबाब सिंह, दिनेश कुमार गेडा, केरन सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी, अभिषेक बरसैंया,राज नारायण रूसीय, विजय भार्गव, उत्तम निखरा आदि सहित समस्त विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

पात्र हितग्राहियों के तत्काल जुड़े बीपीएल सूची में नाम
जनसुनवाई के दौरान उपतहसील कार्यालय में कई स्थानीय नागरिकों ने बीपीएल सूची में नाम जोड़े जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र पाए गए हितग्राहियों-खोड़ निवासी कोमल प्रसाद और ग्राम शेरगढ़ निवासी रामदेवी प्रजापति और चंदावनी की लीला आदिवासी के नाम तत्काल बीपीएल सूची में जोड़े गए। लीला आदिवासी का नाम न केवल बीपीएल सूची में जोड़ा गया बल्कि इस शिविर के माध्यम से तत्काल आहार अनुदान योजना में भी नाम शामिल किया गया है।

जुड़वां बेटियों के आधार कार्ड की समस्या का हुआ तत्काल समाधान
शिविर में एक अन्य संवेदनशील मामले का त्वरित समाधान देखने को मिला। लंबे समय से अपनी जुड़वां बेटियों (रिद्धि और सिद्धि लोधी) के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं से परेशान एक पिता अपनी फरियाद लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। ई गवर्नेंस मैनेजर को तत्काल आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। जाँच के दौरान बड़ी बेटी रिद्धि लोधी का आधार कार्ड पूर्व से बना हुआ पाया गया, जिसे तुरंत प्रिंट करवाकर सौंपा गया। वहीं, छोटी बेटी सिद्धि लोधी के नए आधार कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई गई। इस तत्परता से आवेदक पिता ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।  

No comments: