---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, November 10, 2026

मैदान से आवास तक डीईओ ने परखीं व्यवस्थाएं, दिए निर्देश, देश भर की 38 टीमों के 765 खिलाड़ी दिखाएंगे दम-खम


गुजरात, केरल सहित दर्जन भर राज्यों की टीम पहुंचीं, कल राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे सिंधिया

शिवपुरी। रफ्तार व रोमांच का महाकुंभ 12 नवम्बर से 70वीं राष्ट्रीय 17 वर्षीय बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के रूप में शिवपुरी की धरा पर आयोजित होने जा रहा है। इस बड़े आयोजन की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग व प्रशासन जुटा हुआ है। अवकाश होने के बाबजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी व समितियों के सदस्य टीमों की आगवानी से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने मंगलवार को प्रतियोगिता के आयोजन स्थल श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर पहुंचकर मैदान में खड़े होकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और समिति सदस्यों से तैयारियों के संबंध में वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हम ऐसी व्यवस्थाएं करें कि, जिसके लिए जिला प्रशासन व राज्य की छवि को देश भर से आने वाले खिलाड़ी याद रखें। उन्होंने टीमों के ठहरने के लिए चुने गए आवास स्थलों का भी जायजा लिया। मंगलवार की अल सुबह से ही देश भर से टीमों का शिवपुरी पहुंचना शुरू हो गया, जिनकी आगवानी समिति सदस्यों ने स्टेशन व बस स्टैंड पर की। अब तक गुजरात, केरल सहित 12 राज्यों की टीमें शिवपुरी पहुंच चुकी हैं। 

बता दें कि, 12 से 16 नवम्बर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों सहित विभिन्न बोर्ड की 38 टीमों के 765 खिलाड़ी व 120 आफिशियल हिस्सा लेंगे। तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, शिवपुरी बीईओ कौशल गौतम, कोलारस बीईओ रामकृष्ण रघुवंशी, बदरवास बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, पूर्व बीईओ मनोज निगम, पूर्व डीएसओ महेंद्र तोमर, नेशनल कोच यादवेंद्र चौधरी, अजय बाथम, प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया, प्राचार्य राजेश कम्ठान, स्नेह रघुवंशी, राघवेंद्र रघुवंशी, संस्कार मिश्रा, पंकज पांडेय, आर एल ओझा, राजू जाट, सदाशिव भार्गव, दीपक मांझी, अनिल मलावरिया, मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।

आधा दर्जन स्थानों पर आवास व्यवस्था
इस बड़ी प्रतियोगिता में देश भर से 765 खिलाड़ी, आफिशियल्स के अलावा स्टेट आफिशियल सहित एक हजार लोगों की आवास व्यवस्था की गई है। इसके लिए शासकीय उत्कृष्ट उमावि शिवपुरी के हास्टल क्रमांक-1 व 2 के अलावा सरस्वती विद्यापीठ, आवासीय विद्यालय के हास्टल सहित निजी होटलों में भी आवास व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में जो 38 टीमें शामिल होने जा रही हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, अरूणाचल, असम बिहार, सीबीएसई बोर्ड, चंड़ीगढ़, छत्तीसगढ़, सीआईएससी, दादर, एवं नगर हवेली, जीएव्ही कालेज, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, आईबीएसएसओ, आपीएससी, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केव्हीएस, केरल, लक्षदीप, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मड़ीपुर, एनबीएस, उड़ीसा, पांडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, विद्याभारती व पश्चिम बंगाल की टीमें शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे शुभारंभ
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 नबंबर को सुबह 10 बजे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। डीईओ ने बैठक के दौरान शुभारंभ कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इसके अलावा, शुभारंभ के तत्काल बाद अतिथियों के सम्मुख ही दौड़ के हीट मुकाबले भी आयोजित होंगे।

No comments: