कलेक्टर श्री वर्मा ने ली समीक्षा बैठक, सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देशशिवपुरी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी जिला प्रवास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में 'लाड़ली बहना योजनाÓ के हितग्राहियों को माह नवम्बर की अनुदान राशि का वितरण कार्यक्रम आगामी 13 नवंबर 2026 को विकासखंड पिछोर में प्रस्तावित है, जबकि केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कार्यक्रम को सुचारू, व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। छत्रसाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के प्रवास के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। कार्यक्रम स्थल पर आमजन के आवागमन, वाहन पार्किंग, बैठक व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सौंपे गए कार्यों की चेक लिस्ट तैयार कर प्रभारी अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ से उसका अनुमोदन कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, कार्यक्रम से एक दिन पूर्व सभी अधिकारी अपने-अपने दलों के साथ मौके पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, समस्त जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment