---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, September 24, 2026

यूपीआई भुगतान पर शुल्क के प्रस्ताव को लेकर कैट ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों की समस्याओं पर की चर्चा




शिवपुरी।
यूपीआई भुगतान पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाए जाने के प्रस्ताव को लेकर व्यापारियों की समस्याओं एवं आपत्तियों के संबंध में कैट शिवपुरी द्वारा कलेक्टर अर्पित वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. पवन जैन के निर्देशन में कैट पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर इस संबंध में उचित कदम उठाए जाने की मांग की। ज्ञापन का वाचन कैट प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. पवन जैन द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था व्यापारियों और आमजन के लिए महत्वपूर्ण बन चुकी है। ऐसे में यूपीआई लेन-देन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों पर आर्थिक भार बढ़ सकता है।

कैट ने मांग की कि यूपीआई लेन-देन पर व्यापारियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लगाने से बचा जाए तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल और कम लागत वाला बनाए रखा जाए। ज्ञापन में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए शुल्क लगाने के बजाय प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था विकसित करने, किसी भी नई शुल्क व्यवस्था से पहले व्यापारिक संगठनों एवं हितधारकों से व्यापक चर्चा करने तथा छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाने की मांग की गई। इस अवसर पर कैट पदाधिकारियों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के साथ बैठक कर व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस दौरान कैट जिलाध्यक्ष गंगाधर गोयल, महासचिव सौरभ सांखला, कोषाध्यक्ष शिरीष जैन, संगठन मंत्री गोपेन्द्र जैन, कृष्ण मोहन अग्रवाल (बंटी), मुकेश जैन, गौरव खंडेलवाल ,पुनीत गोयल, टिंकल जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

No comments: