---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, November 18, 2026

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 20 नवंबर को पोहरी दौरा



माधव महाराज की प्रतिमा का करेंगे अनावरण; स्कूल का होगा शुभारंभ

शिवपुरी/पोहरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 20 नवंबर को पोहरी दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पोहरी स्थित माधव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल पहुंचकर स्कूल का शुभारंभ करेंगे तथा स्कूल परिसर में स्थापित श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिंधिया 20 नवंबर को सुबह ग्वालियर से रवाना होकर घाटीगांव और मोहना के रास्ते चुना खो आश्रम पहुंचेंगे, जहां चुना खो मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद भोराना, बैराड़ और भटनावर होते हुए दोपहर करीब 1:30 बजे माधव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल पोहरी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:30 से 2:45 बजे तक उद्घाटन समारोह एवं प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम निर्धारित है

पूर्व मंत्री राठखेड़ा ने संभाली तैयारियों की कमान
केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने पोहरी एवं बैराड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद पूर्व मंत्री ने लोखारी, अर्गरा, वेशी, घटाई, राठखेड़ा, बमरा, परीछा एवं झिरी क्षेत्र में गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन से मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत एवं कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

परिवहन विभाग का सघन वाहन चेकिंग अभियान, 46 वाहनों की जांच कर 4 वाहन किए जब्त


46 वाहनों की जांच कर 4 वाहन किए गए जब्त और राजस्व वसूला गया

शिवपुरी-कलेक्टर अर्पित वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान वरिष्ठ जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती रंजना कुशवाह एवं परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर के नेतृत्व में गतदिवस संचालित किया गया, जिसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। इस वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 46 वाहनों की बारीकी से जांच की गई। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर विभागीय टीम द्वारा सख्त कदम उठाते हुए एक वाहन को जप्त कर रन्नोद थाने में रखवाया गया। इसके पश्चात अगले दिन कार्रवाई को आगे बढ़़ाते हुए 3 अन्य वाहनों को जप्त कर थाना सतनवाड़ा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

परिवहन विभाग द्वारा चेकिंग के दौरान वाहन दस्तावेजों की भी सख्ती से जांच की गई। इस दौरान 2 वाहनों से बकाया मोटरयान कर के रूप में 73 हजार 179 रुपए की राशि जमा कराई गई, इसके साथ ही अन्य अर्थदंड के रूप में 34 हजार 500 रुपए का राजस्व सफलतापूर्वक वसूल किया गया। इस पूरी वाहन चेकिंग और राजस्व वसूली की कार्रवाई को सफलतापूक संपन्न कराने में परिवहन विभाग की टीम के सदस्य पुरुषोत्तम बाथम, दिलशाद खान एवं राजेंद्र शर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। जिला परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और बिना कर संचालित होने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विशेष सुविधा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम मेहुरिया करेंगी मरीजों का उपचार


शिवपुरी।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और बदलती जीवनशैली के बीच मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं। कई लोग अवसाद, घबराहट, अनिद्रा और अन्य मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में शिवपुरी के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। अब शिवपुरी में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम मेहुरिया (रूक्चक्चस्, रूष्ठ क्कह्य4ष्द्धद्बड्डह्लह्म्4, क्कत्रढ्ढ रोहतक) द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। 

डॉ. सोनम मेहुरिया भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में पूर्व चिकित्सक रह चुकी हैं। उनके द्वारा अवसाद यानी डिप्रेशन, घबराहट एवं एंग्जायटी, बाइपोलर डिसऑर्डर, ओसीडी, नींद से जुड़ी समस्याएं, सिजोफ्रेनिया, डिमेंशिया, मिर्गी एवं दौरे, सिरदर्द और माइग्रेन जैसी समस्याओं के उपचार की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा नशे की लत से मुक्ति, बच्चों में एडीएचडी एवं ऑटिज्म से जुड़ी समस्याओं, यौन स्वास्थ्य संबंधी विकारों तथा काउंसलिंग और थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिवपुरी में एस.एस. क्लिनिक, एसपी कोठी के पास, पोहरी रोड शिवपुरी पर दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक एवं सीबीएच क्लिनिक, हॉस्पिटल रोड, प्रदीप मेडिकल के सामने शिवपुरी पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध रहेगा। अपॉइंटमेंट एवं अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8820196867 पर संपर्क किया जा सकता है।  

कायस्थ समाज एकता समिति द्वारा भव्य अन्नकूट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न



शिवपुरी-
कायस्थ समाज एकता समिति शिवपुरी के तत्वावधान में विगत दिवस आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कृपा और समाज की सक्रिय सहभागिता के साथ भव्य अन्नकूट (सहभोज) एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ उत्सव वाटिका प्राइवेट बस स्टैंड के सामने उत्सव वाटिका में संपन्न हुआ। इस आयोजन में सैकड़ों समाज के बंधुओं ने सपरिवार सम्मिलित होकर प्रसादी ग्रहण की और कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर पुरानी शिवपुरी पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या भोजन कराया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया गया ततपश्चात उत्सव वाटिका में समाज के वरिष्ठजन जे. एम. श्रीवास्तव (सेवा निवृत सहायक यंत्री), जगदम्बा सहाय श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव (प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक -1), मनोज निगम (सेवा निवृत बी ई ओ), अरविंद श्रीवास्तव (एस बी आई)ने आराध्य देव भगवान् श्री चित्रगुप्त जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया एवं सभी समाज बंधुओं के साथ भगवान श्री चित्रगुप्त जी की संगीतमय आरती करवाई गई, आरती के बाद  अन्नकूट  (सहभोज) सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजनो की रंगारंग प्रस्तुतियां प्रारंभ हुई जिसमे 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों की डांस प्रतियोगिता और संगीत के रंगारंग कार्यक्रम ने दर्शकों के बांधे रखा, सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बीच बीच में छोटे छोटे बच्चों ने भी डांस की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

इस सांस्कृतिक संध्या में शहर के प्रमुख कलाकारों नीरज खरे, पंकज श्रीवास्तव, श्रीमती संगीता श्रीवास्तव एवं वंश (हर्षित मास्टर) ने अपनी सुरीली धुनों और गायन से समां बांध दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कायस्थ समाज एकता समिति शिवपुरी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर कायस्थ समाज एकता समिति के अध्यक्ष एडवोकेट आशीष श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव, महिला अध्यक्ष श्रीमती सुभाष श्रीवास्तव, और युवा अध्यक्ष अनिकेत गौड़, समिति के सदस्य उमेश श्रीवास्तव, योगेन्द्र श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, शैलेश भटनागर, अवनीश सक्सेना, विनोद श्रीवास्तव, राजेंद्र माथुर, अचल श्रीवास्तव आदि का अभूतपूर्व योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में समिति के उपाध्यक्ष सत्येंद्र श्रीवास्तव एवं  मनीष श्रीवास्तव (ज्योतिषाचार्य)ने पधारे हुये सभी समाज बन्धुओं सहित समस्त अतिथियों का आभार प्रदर्शन किया।

युवा अभिभाषक डॉ. पूजा शर्मा को राज्यपाल ने पीएचडी की उपाधि देकर किया सम्मानित


शिवपुरी।
ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह बीते रोज मप्र के राज्यपाल व कुलाधिपति मंगू भाई पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस समारोह में मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक और डिग्री व उपाधियांं प्रदान की गईं। शिवपुरी की युवा अभिभाषक डॉ. पूजा शर्मा को इस दौरान राज्यपाल ने पीएचडी की उपाधि देकर सम्मानित किया। बता दें कि डॉ. पूजा ने भारत में दत्तक ग्रहण कानून एवं हिन्दू व धर्मनिरपेक्ष कानून के तुलनात्मक अध्ययन पर अपने शोध को सहायक प्राध्यापक डॉ. ज्योति दिवाकर के मार्गदर्शन में पूर्ण किया था। पूजा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय उनके दादा लक्ष्मीनारायण मुदगल पूर्व सरपंच एवं नाना रमेशचंद्र सरैया सेवानिवृत्त सीएमओ को दिया है। पूजा राजेन्द्र शर्मा एवं मंजू शर्मा की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें शहर के गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

शिवलोक धाम आश्रम में भव्य अन्नकूट प्रसादी का आयोजन, संतों के आगमन पर किया स्वागत लिया आशीर्वाद


शिवपुरी।
शहर के शिवलोक धाम आश्रम, हैप्पीडेज स्कूल परिसर, कत्थमिल शिवपुरी में श्री 1008 विनय दास जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य अन्नकूट प्रसादी का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पाताली हनुमान मंदिर, लुधावली के महंत श्री लक्ष्मण दास जी महाराज के आगमन पर विशेष स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

   महंत श्री लक्ष्मण दास जी महाराज का स्वागत-अभिनंदन महंत श्री विनय दास जी महाराज एवं समस्त बागेश्वर धाम समिति द्वारा किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में राज शर्मा, शंकर शर्मा, संजय गौतम सहित मंदिर से जुड़े अन्य भक्त एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर एवं समिति से जुड़े सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। मंदिर से जुड़े अनिल बैरागी ने जानकारी देते हुए बताया कि संतों के सानिध्य में आयोजित इस प्रकार के धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और भक्ति से जोडऩे का कार्य करते हैं।

शिवयोग केंद्र पर मनाया गया राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस, लोगों को बताए स्वस्थ जीवन के उपाय


शिवपुरी।
राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर शिवयोग केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों की नि:शुल्क ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में योगाचार्य विजय सेन एवं योग शिक्षक सागर सोनी ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को विभिन्न योगाभ्यास और षट्कर्म क्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करके अनेक जीवनशैली संबंधी समस्याओं से बचाव में सहायता मिल सकती है।

इस दौरान बताया गया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खानपान, शारीरिक श्रम की कमी और मानसिक तनाव के कारण लोग कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, संतुलित एवं सात्विक आहार, पर्याप्त नींद, शारीरिक सक्रियता और सकारात्मक सोच अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। योगाचार्य विजय सेन ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा का उद्देश्य प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवन केवल दवाइयों पर निर्भर नहीं, बल्कि सही दिनचर्या, संतुलित आहार, नियमित योग और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने से भी मजबूत बनता है।

भारत की 37 टीमों की 783 बेटियां मार्चपास्ट के साथ देंगी सलामी, राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ आज


बायोमैट्रिक से की गई खिलाडिय़ों की पहचान की पुष्टि, फोटोफिनिश और ईडीएम तकनीक का भी होगा उपयोग

शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर महज हफ्ते भर के भीतर दूसरी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का साक्षी बनने जा रहा है। देश के 28 राज्य, 8 केन्द्र शासित प्रदेश और शैक्षणिक बोर्ड की 37 टीमों में शामिल 783 एथलीट्स बेटीयों के रूप में अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परिवेश का समागम शिवपुरी में गुरूवार से राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता  में होने जा रहा है। जहां समूचे भारत की झलक दिखेगी। अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में गुरूवार सुबह 10.30 बजे देशभर से आईं ये 783 खिलाड़ी जब रंगबिरंगी पोशाकों में अपनी टीम का ध्वज थामकर मार्चपास्ट करते हुए सलामी देंगे तो दृश्य विहंगम होगा। विभिन्न अतिथि न केवल इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे बल्कि देशभर से आए खिलाडिय़ों को संबोधित भी करेंगे।

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव व जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने बुधवार को मैदान सहित शिवपुरी पहुंची विभिन्न टीमों के आवास,परिवहन एवं भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। वहीं मैदान में खिलाडिय़ों के उतरने से पहले  एसजीएफआई के आब्जर्वर डीके सिंह की निगरानी में सभी खिलाडयि़ों के दस्तावेजों का परीक्षण व पहचान की पुष्टि के लिए बायोमैट्रिक प्रक्रिया नियुक्त टीम द्वारा पूर्ण की गई।इस दौरान प्रमुख रूप से कोलारस बीईओ रामकृष्ण रघुवंशी,बीआरसी अंगद सिंह तोमर, प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया, विवेक वर्धन शर्मा, यादवेन्द्र चौधरी,अजय बाथम, राघवेन्द्र रघुवंशी, स्नेह रघुवंशी,दीपक मांझी, शिवनाथ सिंह वैस,बलवीर तौमर, कुलदीप श्रीवास्तव,अदिती सिंघल, कल्पना सोनी,सुरक्षा रघुवंशी, अंजली धाकड़,रेखा शर्मा,नूतन रानी,लक्षिता अरोरा,उजमा परवीन आदि मौजूद रहे।

फोटो फिनिश और ईडीएम  टीम भी तैनात
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं के परिणामों की विश्वसनीयता, सटीकता व पारदर्शिता के लिए  इस बार भी इलेक्ट्रोनिक डिस्टेंस मेजरमेंट तकनीक   व फोटोफिनिश सहित टाइम स्कोर रिजल्ट जैसी आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया जाएगा। फोटो फिनिश टीम के प्रभारी ईशान रैदास के साथ टीम के सदस्य राहुल गुर्जर,अंकित तिवारी, किशोर साकेत, छवि नाथ चौहान,शनि सिंह,रघुनन्दन सिंह ने बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। आयोजन स्थल से एथलेटिक्स के विभिन्न खेलों का डिजिटल व ड्रोन कैमरों की मदद से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

37 टीमों में से किसमें कितने एथलीट
प्रतियोगिता में देशभर से 37 टीमें भाग लेने जा रही हैं। प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि 37 टीमों में कुल 783 बालिका एथलीट शिवपुरी आएंगी इनमें कर्नाटक से 40, आंध्रप्रदेश से 37, उत्तर प्रदेश 33, महाराष्ट्र 34, केरल 32, तमिलनाडु 31, उत्तराखण्ड व पंजाब 29-29, गुजरात, हरियाणा व विद्याभारती 28-28, सीआईएससीई व आईपीएससीई सहित मप्र एनवीएस, तेलंगाना से 27-27 झारखंड से 26, सीबीएसई व देहली से 25-25, छत्तीसगढ़ 24, केवीएस 22, राजस्थान 21, जम्मू कश्मीर 18, आईबीएसएसओ 17, उड़ीसा 13, दादर नागर हवेली 12, पश्चिम बंगाल 12, बिहार, हिमाचल व पांडुचेरी 11-11, लक्ष्यदीप, सिक्किम 10-10, आसाम 9, अरुणाचल प्रदेश व त्रिपुरा 7-7, मणीपुर 6 व गोवा की 5 खिलाड़ी शामिल होंगी।

Tuesday, November 17, 2026

न्यायोत्सव अंतर्गत बंदियों के अधिकार बताये एवं समस्याऐं सुनी


साथ ही नशा मुक्ति अभियान अंतर्गत नशा छोडऩे की शपथ दिलाई

शिवपुरी-राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में एवं कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, की अध्यक्षता में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत तृतीय दिवस पर सोमवार को सर्किल जेल शिवपुरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित बंदियों को श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया द्वारा बंदियों के कनूनी अधिकारों एवं उनके पुनर्वास संबंधी जानकारी, निशुल्क विधिक सहायता एवं स्वास्थ्य की जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान बंदियों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याऐं बताई गई एवं आयुर्वेदिक दवाईयों की मांग की गई। तब आयुष शिविर लगाने का आश्वासन दिया गया। कुछ बंदियों द्वारा पेशी नहीं होने की समस्या बताई गई जिसके अनुक्रम में संबंधित न्यायाधीशगण से पेशी कराये जाने हेतु चर्चा की गई। कुछ बंदियों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके घर पर बच्चों से बात नहीं होती है तत्संबंध में बात कराये जाने हेतु जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया। बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए बंदी जितेन्द्र ने भजन गाया। साथ ही इस अवसर पर नालसा डॉन-नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025 के अभियान अंतर्गत उपस्थित बंदियों को मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों एवं नालसा नशा पीडि़तों के लिए विधिक सेवा योजना के बारे में जानकारी दी। साथ ही नशा को रोकने हेतु किये जाने वाले प्रयासों के साथ-साथ नशा छोडऩे हेतु बंदियों को शपथ दिलायी गयी। इस अवसर पर जेल अधीक्षक विदित सिरवैया सहित जेल स्टाफ एवं बंदीगण उपस्थित रहे। 

गुरुद्वारा चौराहे पर जाम की स्थिति को समाप्त करने एवं यातायात को सुगम बनाने के लिये गुरुद्वारा चौराहे पर अस्थाई बैरीगैडिंग


एसपी ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

शिवपुरी-जिले एवं शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुगम बानाने के लिये पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा लगातार प्रयास एवं नए नए प्रयोग किये जा रहे हैं, पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिये समय-समय पर भ्रमण किया जाता है एवं यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिये पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये गये हैं।

आए दिन देखने में आ रहा था कि गुरुद्वारा चौराहे पर चारो तरफ का ट्राफिक आने से जाम की स्थिति बन जाती है, इसका संज्ञान लेते हुये पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव को गुरुद्वारा चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं जाम स्थिति न बने इसके लिये आदेशित किया गया। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव द्वारा शिवपुरी शहर के गुरुद्वारा चौराहे पर जाम की स्थिति को सुधारने एवं यातायात को बिना रुकाबट के चलाने के लिये अस्थाई बैरिकेडिंग की है। अस्थाई बेरीगेडिंग की यह नई व्यवस्था आज से शुरू की गई है जिसमें कोई भी वाहन गुरुद्वारा चौराहे को सीधे क्रॉस नहीं करेगा, वाहनों को माधव चौक, ठंडी सड़क कट पॉइंट एवं गैलेक्सी होटल या स्मार्ट बाजार के यहां से यू टर्न लेकर निकलना होगा, जिससे जाम की स्थिति निर्मित नहीं होगी और आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस दौरान मौके पर एसपी भी पहुंची जिन्होंने यातायात व्यवस्था के इस नए प्रयोग के हालातों का जायजा लिया।

कर्नाटक-महाराष्ट्र सहित कई टीमों का शिवपुरी आगमन शुरू, मैदान में हुई तैयारियों की समीक्षा



37 राज्यों की 783 बालिकाएं राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगी जौहर, 6 से अधिक स्थानों पर आवास व्यवस्था

शिवपुरी। 17 वर्षीय बालक राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बीते रोज समापन के बाद टीमों की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ जो  6मंगलवार को भी जारी रहा। इन टीमों की विदाई के बीच गुरूवार से शुरू होने वाली 17 वर्षीय बालिका राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही हैं देश के 28 राज्य, 8 केन्द्र शासित प्रदेशों व शैक्षणिक बोर्ड की 37 टीमों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले कर्नाटक और महाराष्ट्र की टीम शिवपुरी पहुंची जिसकी आगवानी यातायात समिति के सदस्यों ने की। इनके अलावा मंगलवार को ही 9 अन्य टीमों के आने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। जिन में त्रिपुरा, पंजाब, झारखंड, उत्तरप्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, केरल, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। शेष टीमें बुधवार को शिवपुरी पहुंच जाएंगी, जहां प्रतियोगिता से पहले खिलाडिय़ों की बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया संपन्न होगी। 

इस बड़े आयोजन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने विभिन्न समिति सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि जिस तरह बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ और टीमें अच्छा अनुभव लेकर शिवपुरी से रवाना हुई हैं। इसी तरह की व्यवस्थाएं हम इस प्रतियोगिता में भी दें। बालिकाओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। इधर जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने समिति सदस्यों सहित महिला शिक्षिकाओं की टीम के साथ मैदान में पहुंचकर न केवल तैयारियों का जायजा लिया, बल्कि प्रत्येक समिति सदस्य से उन्हें सौंपे गए दायित्व के बारे में जानकारी भी ली। 

इस दौरान प्रमुख रूप से कोलारस बीईओ रामकृष्ण रघुवंशी, प्राचार्य आरपी जाटव, राजेश कम्ठान, प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया, राजीव भार्गव,अजय बाथम, अशोक चौधरी, संस्कार मिश्रा, हेमलता चौधरी, पुष्पा मिश्रा, दीपक मांझी, सदाशिव भार्गव, अभिषेक श्रीवास्तव, स्नेह रघुवंशी, अशोक चौधरी, केपी जाट, बलवीर तोमर, मनोज शर्मा, पंकज पाण्डेय, वेदांत राजौरिया, कुलदीप श्रीवास्तव, रेखा शर्मा, अंजली सिंघल, तनुजा गर्ग आदि मौजूद रहे। विभिन्न टीमों की बालिकाओं और ऑफिशियल्स के लिए उत्कृष्ट विद्यालयों के दोनों छात्रावासों के अलावा मंगलम लॉज, वरुण इन सहित 6 से अधिक स्थानों पर आवास व्यवस्था की गई है।

यह 37 टीमें होंगी शामिल
प्रतियोगिता में देशभर से 37 टीमें भाग लेने जा रही हैं। प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि 37 टीमों में कुल 783 बालिका एथलीट शिवपुरी आएंगी इनमें कर्नाटक से 40, आंध्रप्रदेश से 37, उत्तर प्रदेश 33, महाराष्ट्र 34, केरल 32, तमिलनाडु 31, उत्तराखण्ड व पंजाब 29-29, गुजरात, हरियाणा व विद्याभारती 28-28, सीआईएससीई व आईपीएससीई सहित मप्र एनवीएस, तेलंगाना से 27-27 झारखंड से 26, सीबीएसई व देहली से 25-25, छत्तीसगढ़ 24, केवीएस 22, राजस्थान 21, जम्मू कश्मीर 18, आईबीएसएसओ 17, उड़ीसा 13, दादर नागर हवेली 12, पश्चिम बंगाल 12, बिहार, हिमाचल व पांडुचेरी 11-11, लक्ष्यदीप, सिक्किम 10-10, आसाम 9, अरुणाचल प्रदेश व त्रिपुरा 7-7, मणीपुर 6 व गोवा की 5 खिलाड़ी शामिल होंगी।

शा.उ.मा. वि. मूढ़ेरी की छात्राओं का साइकिलिंग में शानदार प्रदर्शन




तीन पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

शिवपुरी। बालाघाट में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय साइकिलिंग प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूढ़ेरी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय की तीन छात्राओं ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।

खेल शिक्षक अजय बाथम ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 वर्ष बालिका वर्ग में शिखा धाकड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया, वहीं इसी वर्ग में सरस्वती धाकड़ ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा 14 वर्ष बालिका वर्ग में भारती प्रजापति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। तीनों खिलाडिय़ों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले में खुशी का माहौल है। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, डॉ. के. के. खरे (जिला क्रीड़ा अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग), प्राचार्य महावीर दीक्षित, नागेंद्र रघुवंशी, शिवनाथ सिंह चौहान, अशोक सिंघल, अनिल गुप्ता, सिडल कुसमी, श्रीमती भावना यादव, काजल तिवारी, हेमलता राजपूत, नीतू वर्मा, प्रज्ञा श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, दिलशाद खान सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं शिक्षकों ने खिलाडयि़ों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतिभाशाली छात्रा रूही कुशवाह का सेवानिवृत्त जेलर डॉ. विजय सिंह मौर्य ने किया सम्मान


राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए दी शुभकामनाएं

शिवपुरी। सेंट जॉन्स पब्लिक स्कूल, शिवपुरी की प्रतिभाशाली छात्रा कु. रूही कुशवाह को राष्ट्रीय अध्यक्ष, बीपीएम जय हिंद मिशन (मध्यप्रदेश एवं भारत) एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ जेलर डॉ. विजय सिंह मौर्य ने विद्यालय पहुंचकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

     उल्लेखनीय है कि रूही कुशवाह, बृजेश कुशवाह एवं श्रीमती भारती कुशवाह की सुपुत्री हैं। उनका चयन इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए हुआ है। रूही ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और योग के प्रति समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह मौर्य ने रूही को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे सम्मान बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। 

विद्यालय संचालक रामलखन धाकड़ गुरावल ने डॉ. मौर्य के विद्यालय आगमन एवं छात्रा का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि रूही कुशवाह राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, विद्यालय, शिवपुरी जिले एवं मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी। बेटियों की प्रतिभा का सम्मान और प्रोत्साहन ही सशक्त एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

भारत विकास परिषद का दीपावली मिलन समारोह एवं भारत को जानो प्रतियोगिता आयोजित




छिब्बर स्कूल ने सीनियर एवं जूनियर, दोनों वर्गों में हासिल किया प्रथम स्थान

शिवपुरी। भारत विकास परिषद्, शाखा शिवपुरी द्वारा गत दिवस होटल् स्टार गोल्ड में दीपावली मिलन समारोह, अन्नकूट प्रसादी एवं शाखा स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के चार विद्यालयों—छिब्बर स्कूल, गर्ल्स स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर (अस्पताल चौराहा) एवं सरस्वती शिशु मंदिर (गणेश कॉलोनी) की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने भारत के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों एवं राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी ज्ञान प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के परिणाम में छिब्बर स्कूल की टीम ने सीनियर एवं जूनियर, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। दोनों वर्गों में विद्यालय की इस उपलब्धि पर परिषद् परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान दीपावली मिलन समारोह भी उत्साह एवं पारिवारिक सौहार्द्र के वातावरण में मनाया गया। परिषद् के सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। आयोजन के अंत में सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने अन्नकूट प्रसादी एवं रात्रि भोज का आनंद लिया। भारत विकास परिषद् का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। 

भारत को जानो प्रतियोगिता इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शाखा अध्यक्ष गणेश धाकड़, सचिव अमित सहगल, कोषाध्यक्ष विवेक शर्मा, कार्यक्रम संयोजक श्रीमती निधि वर्मा एवं सह-संयोजक श्रीमती कीर्ति अग्रवाल सहित परिषद् के सदस्यों का सहयोग रहा। भारत विकास परिषद्, शाखा शिवपुरी ने सभी विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

कोलारस वृत्त में आबकारी विभाग की टीम की कार्यवाही, 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार


बदरवास के रैंझागढ़ गांव से 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी- जिले में अवैध शराब के व्यापार और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत मंगलवार को वृत्त कोलारस के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशों के परिपालन में एवं जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने बदरवास क्षेत्र के ग्राम रैंझागढ़ में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की है।

अवैध मदिरा के अवैध भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। वृत्त कोलारस प्रभारी बृजराज शर्मा को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने ग्राम रैंझागढ़ में छापेमारी के दौरान देशी मदिरा प्लेन, मसाला तथा विदेशी मदिरा बीयर सहित कुल 65.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़ी गई अवैध शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1),(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। 

मौके से आरोपी राजीव पुत्र दिनेश यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी रैंझागढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा विधिक प्रक्रिया के तहत उसे जेल भेज दिया गया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा के साथ आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया तथा आबकारी बल एवं होमगार्ड्स के जवानों ने सक्रिय भूमिका रही।

कल्चुरी शिवहरे समाज ने धूमधाम से मनाई भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती, निकाला भव्य एवं विशाल चल समारोह






समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

शिवपुरी। हैहयवंशी क्षत्रिय कलचुरी समाज शिवपुरी द्वारा आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती गत दिवस सोमवार को हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मानस भवन में मनाई गई। इस अवसर पर मां राजेश्वरी मंदिर के प्रांगण में सभी समाज उपस्थित हुए समाज के तीनों प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं हजारों की संख्या में समाज बंधुओ की उपस्थिति में भव्य चल समारोह एवं महापुरुषों की झांकी को निकाला गया। यहां से गाजे-बाजे के साथ भव्य चल समारोह गुरुद्वारा चौक पहुंचा जहां पर तपस्या स्टेशनरी वालों ने चल समारोह का स्वागत किया आगे चलकर युवा अध्यक्ष कामेश शिवहरे ने अपने प्रतिष्ठान के सामने ड्रोन से पुष्प वर्षा कर  स्वागत किया, उसके बाद राम उद्योग परिवार जनों ने चल समारोह स्वागत किया, माधव चौक चौराहे पर पहुंचते ही भारी आतिशबाजी की गई, समाज के जिलाध्यक्ष किशन स्वरूप शिवहरे के प्रतिष्ठान न्यू मधुराम स्वीट्स पर भी स्वागत किया किया।

नगर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह अनेको समाजसेवियों द्वारा चल समारोह का स्वागत किया तत्पश्चात भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन चौराहे पर स्थापित भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन एवं महाआरती की गई। इसके उपरांत चल समारोह मानस भवन की ओर रवाना हुआ, जहां जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, भाजपा महामंत्री लवलेश जैन चीनू, जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा इत्यादि थे। स्वागत भाषण पूर्व पार्षद वीरेंद्र शिवहरे कलचुरी रत्न एवं कलचुरी गौरव सम्मानित जो वर्तमान में समाज के महामंत्री भी है ने दिया, कलचुरी समाज के जिलाध्यक्ष किशन स्वरूप शिवहरे एवं उनके सभी पदाधिकारी ने अतिथियों को भगवान सहस्त्र बाहुअर्जुन की तस्वीर एवं शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। 

समारोह में जिला युवा अध्यक्ष कामेश शिवहरे ने अपनी युवा कार्यकारिणी को समाज हित में कार्य करने के लिए शपथ ग्रहण कराई एवं उनके साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान समाज के लोगों ने समाजहित में किए जा रहे कार्यों तथा युवा कार्यकारिणी की सक्रियता को लेकर कामेश शिवहरे का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में शासकीय सेवा में नव नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों एवं कक्षा 10वीं तथा 12वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। 

समारोह को सफल बनाने मे सहयोग लिए कार्यकारिणी वरिष्ठ  उपाध्यक्ष डॉ. एम.के. शिवहरे, राकेश चौकसे, मुरारी लाल शिवहरे, महामंत्री वीरेंद्र शिवहरे, कोषाध्यक्ष रमेश शिवहरे, प्रचार मंत्री भरत शिवहरे, राजेंद्र शिवहरे, लालजी शिवहरे, किलोई राम शिवहरे, हरचरण लाल शिवहरे, श्याम मोहन शिवहरे, गोविंद शिवहरे, कैलाश शिवहरे, रामकिशोर शिवहरे, संगठनमंत्री दिनेश राय, कामेश शिवहरे, सुरेश महाजन, मनीष शिवहरे   महिला जिला अध्यक्ष प्रियंका अमित शिवहरे (सरपंच वीरा), पवन चौकसे, राकेश शिवहरे ठेकेदार, गजेंद्र शिवहरे, रवि शिवहरे (फूड इंस्पेक्टर), राजकुमार शिवहरे, नकटुराम शिवहरे, विजय शिवहरे (हॉस्पिटल), महेश शिवहरे, दीनदयाल शिवहरे, राम सिंह शिवहरे, हरि शिवहरे, अजय राय, शीलू राय, विष्णु राय, वीरू शिवहरे, गौरव शिवहरे इत्यादि थे। कार्यक्रम का कुशल संचालन मदर टेरेसा स्कूल के संचालक गजेंद्र शिवहरे ने किया। वहीं अंत में समाज के कोषाध्यक्ष रमेश शिवहरे ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन समाज द्वारा आयोजित अन्नकूट महाप्रसादी के साथ हुआ।

Monday, November 16, 2026

गो एवं गौशाला उत्थान संघ की प्रदेश स्तरीय त्रैमासिक संगोष्ठी 26 नवंबर को


शिवपुरी।
गो एवं गोशाला उत्थान संघ मध्य प्रदेश की एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय त्रैमासिक संगोष्ठी भोपाल में 26 नवंबर को राजीव गांधी सभागार (एन.आई.टी.टी.टी.आर) पॉलिटेक्निक चौराहे के समीप में 11से 4बजे तक होगी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. सुदाम खाड़े उपस्थित रहेंगे, वरिष्ठ संरक्षक स्वामी सुखदेव बाबा गंगा गोशाला खंडवा, महामंडलेश्वर सीता नंद गिरी महाराज इन्दौर, नागा जी गोशाला पोरसा से संत श्री राम लखन दास  महाराज, साध्वी कृष्णा दीदी कुसमानिया, संत श्री बालक दास महाराज चाचौड़ा विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे।

गौ एवं गौशाला उत्थान संघ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सांगू पाठक, वरिष्ठ प्रदेश महामंत्री हर्ष तिवारी, प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह हातोद शिवपुरी, प्रदेश संगठन मंत्री मूर्येद्र शर्मा ने संयुक्त रुप से अनुरोध किया कि प्रदेश की समस्त गोशाला संचालक समितियों, संत-महात्माओं, गौसेवकों एवं गोभक्तों से विनम्र आग्रह है कि इस महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय त्रैमासिक संगोष्ठी में अपनी सहभागिता अवश्य सुनिश्चित करें। सभी अपने-अपने क्षेत्र की गोशाला संचालक समितियों को साथ लेकर पधारें, जिससे प्रदेश की सभी गोशालाओं की समस्याओं को एकजुट होकर सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जा सके।

यह केवल एक संगोष्ठी नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की गोशालाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं व्यवस्थित बनाने तथा गोसेवा के कार्य को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आइए! हम सभी एक मंच पर एकजुट होकर गोसेवा, गो संरक्षण एवं गोशाला उत्थान के संकल्प को मजबूत बनाएं।


सुभाषपुरा पुलिस ने पांच शातिरों को दबोचा, जंगल में लोडिंग वाहन समेत चोरी की भैंस हुई बरामद


शिवपुरी।
भैंस चोरी की वारदात को अंजाम देकर भागने की फिराक में बैठे पांच आरोपियों को सुभाषपुरा पुलिस ने महज आठ घंटे में गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने भैंस को भैंसोरा के जंगल से लोडिंग वाहन सहित बरामद कर वाहन को भी जब्त कर लिया। सुभाषपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पशु चोरी करने वाले गिरोह की योजना धरी रह गई।

सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार, 15 नवंबर की रात ग्राम इमलिया निवासी औतार पुत्र जगन्नाथ परिहार उम्र 48 वर्ष की भैंस घर की खिरक में बंधी थी। रात 10 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उसे चुरा ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सुभाषपुरा में अपराध क्रमांक 158/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की। 

भैंसोरा के जंगल में लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 07 जेडक्यू 8820 में चोरी की भैंस मिली। मौके से शौकत खान पुत्र इकबाल खान उम्र 30 साल निवासी ग्वालियर, शाहिद कुरैशी पुत्र सल्लू कुरैशी उम्र 18 साल निवासी ग्वालियर, सुमित पुत्र धर्मेन्द्र रजक उम्र 22 साल निवासी ग्वालियर, शाहिद पुत्र सलीम कुरैशी उम्र 20 साल निवासी झांसी हाल निवासी किलागेट ग्वालियर एवं शकील कुरैशी पुत्र असलम उम्र 25 साल निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान, महेशदत्त शर्मा, अभय सिंह, अवधेश शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, गोरे सिंह जादौन, संजय जाट, राहुल बघेल, अर्जुन सिंह जाट, काले खां एवं महेन्द्र कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही। 

पचावली हाईस्कूल में 200 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम संपन्न


शक्तिशाली महिला संगठन समिति एवं आरबीएसके टीम द्वारा छात्राओं को वितरित की गईं पर्यावरण-अनुकूल बाला किट

शिवपुरी/कोलारस- ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों व विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संवर्धन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से शासकीय हाई स्कूल, पचावली में शक्तिशाली महिला संगठन समिति के तत्वावधान में विशेष माहवारी स्वच्छता जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके), कोलारस की चिकित्सा टीम से डॉ. रश्मि यादव एवं डॉ. नीलेश महते द्वारा विद्यालय के लगभग 200 बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 

चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों, एनीमिया से बचाव, संतुलित पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर शक्तिशाली महिला संगठन समिति के प्रमोद गोयल, श्रद्धा जादोंन, आरबीएसके टीम तथा विद्यालय के शिक्षकगणों के माध्यम से छात्राओं को बाला किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि यह किट पूर्णत: पर्यावरण-अनुकूल है और उचित रखरखाव के साथ इसका सुरक्षित उपयोग 2 से 3 वर्षों तक किया जा सकता है। यह किट प्लास्टिक कचरे को कम करने के साथ-साथ किशोरियों के लिए किफायती एवं स्वास्थ्यवर्धक विकल्प है। आयोजन को सफल बनाने में पचावली हाई स्कूल के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने निकाली सामाजिक समरसता यात्रा


शिवपुरी-
सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निकली यात्रा के दौरान शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र की नगर परिषद रन्नौद में पूर्व सांसद राजगढ़ लक्ष्मण सिंह का आगमन स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत उत्साह का क्षण रहा। उनके स्वागत में पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व जोश और आत्मीयता देखने को मिली। यात्रा के पहुँचने पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ लक्ष्मण सिंह का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। जगह-जगह नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने माला पहनाकर और साफा बंधाकर उनका अभिनंदन किया। समरसता का संदेश इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लक्ष्मण सिंह ने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और समरसता बनाए रखने का आह्वान किया, उनके ओजस्वी विचारों ने लोगों को जाति, वर्ग और संकीर्णताओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होने की प्रेरणा दी। इस स्वागत समारोह में युवाओं और महिलाओं (मातृशक्ति) ने भारी संख्या में भाग लिया, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की बयार और बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।्र

म.प्र.लेखक संघ व सिंहल फाउन्डेशन की संगोष्ठी आयोजित



बिरसा मुंडा और पंडित जवाहरलाल नेहरु पर हुई परिचर्चा

शिवपुरी-मध्यप्रदेश लेखक संघ और सिंहल फाउन्डेशन द्वारा बिरसा मुंडा की जयंती, बाल दिवस और दीपावली के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन दुर्गामठ में हुआ। इस अवसर पर कवि गोष्ठी व परिचर्चा के माध्यम से कवियों एवं साहित्यकारों ने क्रांतिकारियों के जीवन पर विमर्श किया। इस अवसर पर डॉ. महेन्द्र अग्रवाल ने बिरसा मुंडा को समाज सुधारक और जन नायक बताते हुए कहा कि महज 25 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया और जेल में ही संदिग्ध परिस्थितियों में उनका निधन। बिरसा मुंडा ने ''हमारे देश में हमारा शासनÓÓ का नारा दिया था। सांदिपनी विद्यालय की शिक्षिका मृदुला नामदेव ने चाचा नेहरु पर बाल गीत प्रस्तुत कर चर्चा आरम्भ की जिसमें भागीदारी करते हुए डा. निसार अहमद, विनय प्रकाश जैन, बसंत श्रीवास्तव, अजय जैन अविराम, अखलाक खान, भगवान सिंह, निर्मल हरि ने नेहरु जी के जीवन के विविध आयामों पर चर्चा की।

कवि गोष्ठी में कवियों ने व्यक्त किए मन के उद्गार
अजय जैन अविराम ने सरस्वती वंदना से गोष्ठी का आगाज किया तत्पश्चात  आपने राजनीति पर तीखी व्यंग्यात्मक रचना पेश करते हुए कहा- बांट बांट बहुभांति संग्राम कराऐंगे, लड़वाकर हमको वो वोट बनाऐंगे। विनय प्रकाश जैन नीरव ने गीत पढा़-उजालों की कहानी अंधेरों ने लिखी है, और हम लड़ते अंधेरों से उजालों के लिए। अखलाक खान ने नई शैली में आदमी के विभिन्न किरदारों पर प्रभावी कविता सुनाई। मृदुला नामदेव ने बाल मन पर गीत प्रस्तुत किया-कागज की कस्ती तैरने दो, हवाई जहाज उडऩे दो, जिस रोज जमीं पर आऐंगे अपने जैंसे हो जाऐंगे। डॉ. महेद्र अग्रवाल ने शानदार दोहे सुनायेे- जिस बरगद की छांव में बेटा हुआ जवान, उसे काटकर ही बना उसका नया मकान।

किस्मत, आंसू, बेखुदी ऐसे रिस्ते संग, जीवन जलती चिता सी या फिर कटी पतंग। याकूब साबिर- आजाद इस परिंद को बेजार कर दिया, जालिम ने पर तराश के लाचार कर दिया। बसंत श्रीवास्तव-यहां ढूढ़े से भी खुशियां कहां मिलती है जमाने में, चलो अपने ही दम पर जरा सा मुस्कारालें हम। संचालन कर रहे अखलाक खान ने सभी का आभार व्यक्त किया।

संस्कार सेवाश्रम श्रीधाम वृंदावन के भव्य शुभारंभ अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन जारी





व्यासपीठ से देवीकृष्णाकिशोरी कर रही हैं कथा का वाचन, संस्थापक अध्यक्ष हरिमोहन दास देख रहे हैं व्यवस्थाऐं

शिवपुरी। संस्कार सेवाश्रम श्रीधाम वृंदावन के भव्य शुभारंभ के पावन अवसर पर संगीतमय अष्टोत्तरशत (108) श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संस्कार सेवाश्रम के संस्थापक हरिमोहन दास जी महाराज के मार्गदर्शन एवं पूज्य देवी कृष्णा किशोरी जी के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

कथा आयोजन में विभिन्न यजमानों के रूप में जानकी सेना संगठन के महासचिव नरेशप्रताप सिंह (बॉबी राजा), जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रघुवीर सिंह रावत, समाजसेवी एवं गहोई समाज के सेवाभावी एसडीओ शिवशंकर गुप्ता सेठ, शाश्वत फ्यूलिंग स्टेशन के संचालक विनय शर्मा, श्रीमती प्रियंका शर्मा (प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस कमेटी), श्रीमती नंदनी महेंद्र शर्मा सहित नगर के अन्य गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश यादव फौजी सहित शिवपुरी के मीडिया साथी केबी शर्मा लालू, गजानंद उपाध्याय (भूरा भैया) एवं अन्य धर्मप्रेमियों ने भी वृंदावन पहुंचकर कथा श्रवण किया। इस अवसर पर सभी ने नव-निर्मित संस्कार सेवाश्रम श्रीधाम वृंदावन परिसर का भ्रमण कर आश्रम की व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। 

कथा व्यास पूज्य देवी कृष्णा किशोरी जी प्रतिदिन व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, धर्म और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दे रही हैं। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कथा का रसपान कर रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से संस्कार सेवाश्रम श्रीधाम वृंदावन के निर्माण एवं संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी धर्मप्रेमियों के प्रति संस्थापक हरिमोहन दास जी महाराज ने आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कथा आयोजन एवं व्यवस्थाओं का संचालन स्वयं हरिमोहन दास जी महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है।

कबाड़ दुकानों में आबकारी विभाग ने की जांच, खाली शराब बोतलों के संधारण की ली जानकारी


अवैध रीफिलिंग और शराब के अनाधिकृत कारोबार पर अंकुश लगाने विभाग की कार्यवाही

शिवपुरी-जिले में अवैध मदिरा के क्रय-विक्रय, संग्रहण और दुरूपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर अर्पित वर्मा, उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा द्वारा सतत् कार्यवाही हेतु दिये गये निर्देशों के पालन में शुभम दांगोड़े, जिला आबकारी अधिकारी शिवपुरी के निर्देशन पर आबकारी विभाग द्वारा वृत्त शिवपुरी अंतर्गत संचालित कबाड़ की दुकानों का निरीक्षण एवं जांच की गई। इस दौरान कबाड़ दुकानो में शराब की खाली कांच/पेट की बोतलों और देशी मदिरा की खाली पेटियों के संग्रहण, संधारण एवं निस्तारण से संबंधित जानकारी जुटाई गई। 

निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारियों ने कबाड़ व्यवसायियों से जानकारी ली कि शराब की खाली बोतलें और पेटियां उन्हें कहां से प्राप्त होती हैं, उनकी कुल मात्रा कितनी है तथा इनका निस्तारण किस प्रकार और कहां किया जाता है। साथ ही सामग्री के क्रय-विक्रय और संधारण से जुड़े रिकॉर्ड की भी जानकारी ली गई। आबकारी विभाग की इस कार्यावाही का मुख्य उद्देश्य शराब की खाली बोतलों और पेटियों के अवैध पुन: उपयोग, उनमें शराब की रीफिलिंग कर बिक्री करने तथा अवैध मदिरा निर्माण जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना है। विभाग द्वारा सभी कबाड़ व्यवसायियों को निर्देशित किया गया है कि वे खाली बोतलों एवं पेटियों के क्रय-विक्रय और निस्तारण का उचित रिकॉर्ड रखें तथा जांच के दौरान अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार और उसके दुरूपयोग पर नियंत्रण के लिए निगरानी एवं जांच की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।

70वंी राष्ट्रीय एथलीट प्रतियोगिता का हुआ समापन, मैडल की जंग में यूपी अव्वल, आठ गोल्ड सहित जीते 14 पदक



तमिलनाडु दूसरे स्थान पर, पंजाब के मनजोत सिंह बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 नवंबर 16 तक जारी 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। उत्तर प्रदेश ने आठ स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 14 पदक तथा 62 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। तमिलनाडु की टीम 11 पदकों और 41 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। समापन समारोह में विजेता खिलाडयि़ों को पदक और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं। पांच दिवसीय प्रतियोगिता की अंक तालिका में राजस्थान और महाराष्ट्र की टीमें 15-15 अंकों तथा पांच-पांच पदकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। मध्यप्रदेश और बिहार ने एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया। पंजाब के मनजोत सिंह को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। उन्होंने 110 मीटर बाधा दौड़ 13.721 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 1117 आईएएएफ अंक प्राप्त हुए।

भाला फेंक में बिहार के आयुष राज ने जीता स्वर्ण
अंतिम दिन भाला फेंक के फाइनल में बिहार के आयुष राज ने 68.25 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के देव कुमार 62.23 मीटर के साथ दूसरे और सीबीएसई के ब्रह्मदीप 61.90 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। रिले दौड़ में उत्तरप्रदेश की टीम ने 42.19 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु 42.39 सेकंड के साथ दूसरे और केरल 42.51 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

हैमर थ्रो में सुधीर और ऊंची कूद में शक्तिवेल अव्वल
हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश के सुधीर ने 65.45 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। विद्याभारती के अंकुर पटेल 64 मीटर के साथ दूसरे और राजस्थान के दीपांशु भास्का 63.58 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। ऊंची कूद में तमिलनाडु के शक्तिवेल वीएन ने 2.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। महाराष्ट्र के उज्ज्वल विजय और केरल के मोहम्मद रवीफ 1.95 मीटर के प्रदर्शन के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु के निखिल दर्शन ने 54 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण जीता। केरल के अर्चित एस नायर 54.08 सेकंड के साथ दूसरे और तमिलनाडु के पाविन कुमार 54.98 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

फोटो फिनिश तकनीक से मिले सटीक परिणाम
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में फोटो फिनिश और ईडीएम जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से सटीक परिणाम प्राप्त हुए। कई मुकाबलों में बेहद कम समय के अंतर से विजेता तय हुए। पूरी प्रतियोगिता के दौरान परिणामों को लेकर किसी टीम या खिलाड़ी की ओर से आपत्ति सामने नहीं आई।

19 से बालिकाओं की राष्ट्रीय प्रतियोगिता
बालक वर्ग की प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद शिक्षा विभाग गुरुवार 19 नवम्बर से शुरू होने वाली 70वीं राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गया है। इसमें विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और शैक्षणिक बोर्डों की 37 टीमों से 783 बालिका एथलीट भाग लेंगी। तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार दोपहर स्टेडियम में विभिन्न समितियों की बैठक रखी गई है। मंगलवार शाम से टीमों का शिवपुरी पहुंचना शुरू हो जाएगा।

Sunday, November 15, 2026

यंग स्कॉलर एकेडमी खनियाधाना में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित


बच्चों को कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति एवं पॉक्सो एक्ट की दी जानकारी

शिवपुरी/खनियाधाना-मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी के तत्वावधान में संचालित न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत यंग स्कॉलर एकेडमी स्कूल, खनियाधाना में विधिक साक्षरता, बाल समारोह एवं  विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशानुसार तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी खनियाधाना श्रीमती अंजना यादव ने छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बच्चों को कानून के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से कहानी सुनाना, खेल, निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं जैसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। श्रीमती यादव ने नालसा की डॉन योजना के अंतर्गत 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों तथा पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

विद्यालय के डायरेक्टर एवं एडवोकेट पृथ्वीराज सिंह चौहान ने भी विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा संविधान में उल्लेखित मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने तथा नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। 

समय रहते पहचानें मधुमेह का खतरा, नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाईजेशन ने चलाया जागरूकता अभियान


नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाइजेशन शिवपुरी इकाई ने मनाया विश्व मधुमेह दिवस

शिवपुरी। नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाइजेशन शिवपुरी इकाई के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष चौरसि एवं सचिव डॉ. पंकज शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्री-डायबिटीज एवं मधुमेह के जोखिम कारकों, शुरुआती पहचान तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंडियन डायबिटीज रिस्क स्कोर के माध्यम से मधुमेह के जोखिम का आकलन करने के बारे में बताया गया। इसके अंतर्गत चार प्रमुख मानदंडों पर विशेष जानकारी दी गई, जिनमें आयु, कमर का घेरा, शारीरिक गतिविधि एवं पारिवारिक इतिहास शामिल हैं।

विद्यार्थियों को एक विशेष कार्य भी दिया गया कि वे अपने परिवारजनों एवं रिश्तेदारों का डायबिटीज रिस्क स्कोर पता करें तथा उन्हें मधुमेह के प्रति जागरूक करें। इसका उद्देश्य लोगों में मधुमेह के संभावित जोखिम की समय रहते पहचान को बढ़ावा देना था, क्योंकि कई बार शुरुआती अवस्था में मधुमेह के लक्षण स्पष्ट नहीं होते और व्यक्ति को लंबे समय तक अपनी बीमारी की जानकारी नहीं हो पाती।
कार्यक्रम में डॉ. अनंत राखुंडे द्वारा ग्लाइसेमिक इंडेक्स के विषय में विस्तार से बताया गया। उन्होंने समझाया कि किस प्रकार खाद्य पदार्थों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स रक्त में शुगर के स्तर को प्रभावित करता है तथा सही खानपान, संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाकर मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है। 

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. ईला गुजारिया, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मुख्य रूप से डॉ. गिरीश दुबे (उपाध्यक्ष) डॉ. गौरव जैन, डॉ. राजेंद्र पवैया एवं प्रांतीय विद्यार्थी प्रमुख डॉ. शिवम शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही अनन्या वत्स (छात्र प्रमुख), भोला मेहता (छात्र सचिव), प्रतीक्षा शर्मा (छात्रा सचिव), नैतिक गुप्ता (आईटी प्रमुख) सहित एनएमओ के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल मधुमेह के प्रति स्वयं जागरूक रहने, बल्कि अपने परिवार एवं समाज में भी स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

शासकीय हाई स्कूल पचावली में हुआ बाल दिवस पर भव्य बाल मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन


शिवपुरी/कोलारस-
विकासखंड अंतर्गत स्थित शासकीय हाई स्कूल पचावली में बाल दिवस के उपलक्ष्य में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया जिसमें हाई स्कूल पचावली सहित कैचमेंट शालाओं प्राथमिक एवं विद्यालय इमलावदी, पचावला, संगेश्वर, जरियाई, अनंतपुर के सैंक?ो विधार्थियों व स्टॉफ ने भी सहभागिता की। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा खानपान के अनेक स्टॉल लगाए गए, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत पचावली के पटेल राघवेंद्र गोलू दांगी, एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सी एस सी कोलारस के चिकित्सक डॉ नीलेश महते उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया, इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों के विजेता छात्र छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। बाल मेले के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप अवस्थी ने सभी पालकों व अतिथियों का आभार प्रकट किया