शिवपुरी। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर आनंद संस्थान द्वारा आजीविका मिशन शिवपुरी की मातृशक्ति के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों, आत्मसम्मान और आनंदमय जीवन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ आनंद संस्थान के जिला संपर्क व्यक्ति श्री अभय जैन द्वारा प्रार्थना एवं संस्थान परिचय के साथ किया गया। उन्होंने महिलाओं को स्वयं के प्रति सजग रहने और प्रतिभागियों के जीवन में आनंद क्या है और अपने जीवन को आनंद के साथ जीने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए। मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय आवेश में नहीं, बल्कि आनंद और संतुलित मन:स्थिति में लिए जाने चाहिए।
उन्होंने महिलाओं को अपने जीवन की महत्ता समझने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह आत्ममंथन करने का आह्वान किया कि क्या हम क्रोध या आवेश में बेहतर निर्णय ले सकते हैं, या फिर आनंद और सकारात्मकता में रहकर अधिक सही दिशा चुन सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं आनंदम सहयोगी ब्रजेश सिंह तोमर, आनंदक उदय सिंह राजावत, आजीविका मिशन की कार्यक्रम सहायक विनीता जादौन तथा समर्थ भारद्वाज मनीष पांडेय सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यशाला के अंत में महिलाओं ने आत्मविकास और सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment