---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, February 21, 2026

डीईओ विवेक श्रीवास्तव ने दिए निर्देश, मूल्यांकन में न हो मिस्टेक,154 शिक्षकों को टिप्स देकर किया ट्रेंड



परीक्षा के बीच प्रथम चरण का मूल्यांकन होगा शुरू, सबसे पहले फिजिक्स, अंग्रेजी और अर्थशास्त्र की जचेंगी उत्तर पुस्तिकायें

शिवपुरी। अभी माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षायें चल ही रही हैं कि विभाग समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करने को लेकर समानांतर रूप से मूल्यांकन भी शुरू करने जा रहा है। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बोर्ड की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन हो और मूल्यांकन में कोई मिस्टेक न हो इसे लेकर शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव और मूल्यांकन विशेषज्ञों ने विशेष टिप्स देकर 154 विषय वार मूल्यांकन कर्ताओं को ट्रेंड किया। रविवार से शुरू हो रहे प्रथम चरण के मूल्यांकन  के लिए प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है।

यानि जो ट्रेनिंग नहीं लेगा वह मूल्यांकन भी नहीं कर सकेगा। उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित  इस प्रशिक्षण में  154 शिक्षकों को फिजिक्स, अंग्रेजी , केमिस्ट्री व अर्थशास्त्र विषय की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने का प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, प्राचार्य एनके जैन,जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू,ताहिर अहमद, हेमंत जैमिनी,सुदर्शन गुप्ता,राजेश वर्मा व मोहन मेहता द्वारा द्वारा शिक्षकों को अंग्रेजी, भौतिकी,रसायन, अर्थशास्त्र,इतिहास,पशुपालन व संस्कृत विषय की उत्तर पुस्तिकाओं को मापदंडों के तहत मूल्यांकन करने के टिप्स दिए गए।

दो पालियों में हुआ प्रशिक्षण
डीईओ श्रीवास्तव का कहना है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देश अनुसार 22 फरवरी से प्रथम चरण का मूल्यांकन शुरू हो रहा है। इसके पूर्व शनिवार को जिला उत्कृष्ट विद्यालय में 10वीं और 12वीं के 15 विषयों के मूल्यांकनकर्ताओं का प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया।इस दौरान दो पालियों में आयोजित हुए प्रशिक्षण में अंग्रेजी,भौतिकशास्त्र, रसायन शास्त्र, इतिहास,अर्थशास्त्र, पशुपालन, संस्कृत गृह प्रबंध एलिमेंट्स आफ साइंस व भारतीय कला का इतिहास विषय के शिक्षक सहित 154 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।इस बीच प्रशिक्षण में शामिल न होने की स्थिति में मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन से बाहर रखा जाएगा वहीं शनिवार को अनुपस्थित रहने वाले वैल्यूअरों को 1 मार्च को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शनिवार को हाई स्कूल के अंग्रेजी व वोकेशनल विषय सहित 12वीं में अंग्रेजी, भौतिक शास्त्र,रसायन,अर्थशास्त्र, इतिहास,संस्कृत,पशुपालन,गृह प्रबंध पीसीएमबी सहित 15 विषयों के वेलुअरों को प्रशिक्षण दिया गया।

पहले ऐप से हाजरी, फिर ताले में मोबाइल
 मूल्यांकन केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा हालांकि मूल्यांकन कक्ष में प्रवेश से पहले मूल्यांकन कर्ताओं को अपने मोबाइल में डाउनलोड किए गए ऐप से हाजिरी लगानी होगी इसके बाद उनका यह मोबाइल मूल्यांकन केंद्र पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में लॉक कर दिया जाएगा। ऐप से हाजिरी अनिवार्य होने के चलते  सुबह 10 बजे मोबाइल पर हाजिरी लगाने के बाद मोबाइल स्ट्रांग रूम में जमा हो जाएगा। फिर शाम 5 बजे मोबाइल मिलने पर कॉपियों की एंट्री की जाएगी तभी मूल्यांकनकर्ता द्वारा किया गया मूल्यांकन कार्य मान्य होगा। पिछले साल की तरह ही दसवीं के लिए 15 रुपए प्रति कॉपी और 12वीं के लिए 16 रुपए कॉपी के हिसाब से मानदेय, दैनिक भत्ता व वाहन भत्ता मूल्यांकन कर्ताओं को दिया जाएगा।

इनका कहना है
बोर्ड परीक्षाओं के बीच ही समय पर परीक्षा परिणाम जारी हो इसलिए रविवार से प्रथम चरण का मूल्यांकन शुरू हो रहा है। मूल्यांकन कर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देकर ट्रेंड किया है। ताकि किसी प्रकार की कोई चूक ना रहे। जहां तक गैर हाजिर मूल्यांकन कर्ताओं का सवाल है उन पर कार्रवाई करेंगे
विवेक श्रीवास्तव
जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी

No comments: