मानस भवन में भव्य आयोजन, सामाजिक समरसता और नारी सम्मान का दिया संदेशशिवपुरी। सेवा, संस्कार और समरसता के भाव को साकार करते हुए सेवा भारती शिवपुरी द्वारा गुरुवार को मानस भवन में विशाल कन्या पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के 61 जोड़ों ने सामूहिक रूप से सेवा बस्तियों की 551 कन्याओं का पूजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री श्री 1008 चुना खो सरकार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक देवेंद्र जैन, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. इला गुजरिया, श्रीमती ज्योति डेंगरे, विशिष्ट अतिथि रमेशचंद्र अग्रवाल, श्रीमती विनीता जैन, मुख्य वक्ता सेवा भारती प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला संघचालक राजेश गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर सेवा बस्तियों से आई नन्हीं कन्याओं का श्रद्धापूर्वक पूजन किया। पूजन के पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से कन्याओं की आरती की और फिर कन्याओं एवं उपस्थित समाजबंधुओं ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस आयोजन ने सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव, समानता और सामाजिक एकात्मता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बहुत कम देखने को मिलते हैं, जिनमें पूरे समाज के सहयोग और सहभागिता से इतना सुंदर एवं भव्य आयोजन किया गया हो। उन्होंने सेवा भारती के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोडऩे, आपसी आत्मीयता बढ़ाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और यह संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होकर सेवा और समरसता के कार्यों में आगे आता है तो सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होता है। 551 कन्याओं का सामूहिक पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, नारी सम्मान और समरस समाज के निर्माण का प्रेरणादायी संकल्प बन गया।

No comments:
Post a Comment