योग, ध्यान और प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का कराया अभ्यास, बच्चों ने योग कलाओं का किया प्रदर्शनशिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में एक दिवसीय योग रिट्रीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने एसपी का स्वागत किया। योग शिविर में ओम उत्थानम एवं कृष्ण योग केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से सहयोग प्रदान किया गया। शिविर में योगाचार्य एवं योग शिक्षिका सुश्री सुभाषिनी आचार्य ने उपस्थित महिला-पुरुषों, युवक-युवतियों और बच्चों को ध्यान, योग एवं प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खेल परिसर की योग शिक्षिका सपना शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चों ने योग की विभिन्न कलाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया। बच्चों की योग प्रतिभा और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस एक दिवसीय योग रिट्रीट में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों सहित युवक-युवतियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यहां सभी योगार्थियों को योग को लेकर युवा कॉर्डिनेटर कमल बाथम शेरा के द्वारा भी योग के लिए प्रेरित किया गया।
योग केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम : एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ, ऊर्जावान और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रख सकता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी दिनचर्या में योग, ध्यान और प्राणायाम को शामिल करना आवश्यक है। योग हमें शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच की दिशा में भी प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को विशेष रूप स योग के प्रति जागरूक होना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे योग को केवल किसी विशेष दिन या आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति प्रेरित करें।

.jpeg)

No comments:
Post a Comment