---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, October 11, 2026

महाराजा अग्रसेन जयंती : गरबा-डांडिया में शाम्भवी ग्रुप प्रथम, श्रीशक्ति द्वितीय और वैदेही ग्रुप तृतीय विजेता








प्रतिभा सम्मान समारोह एवं गरबा-डांडिया की रही धूम, विजेताओं को मिले 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये के नकद पुरस्कार

शिवपुरी। मध्यदेशीय अग्रवाल समाज शिवपुरी द्वारा आयोजित सात दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत गत दिवस गांधी पार्क मैदान में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं आकर्षक गरबा-डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में शाम्भवी ग्रुप ने प्रथम, श्रीशक्ति ग्रुप ने द्वितीय तथा वैदेही ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता समूहों को समाज की ओर से क्रमश: 31 हजार, 21 हजार एवं 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंचीय संचालन समर्थ अग्रवाल, राजेश गोयल रजत, गणेश गुप्ता, श्रीमती संगम अग्रवाल व श्रीमती रेनु भरत अग्रवाल के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

अग्रसेन जयंती महोत्सव की जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी अशोक अग्रवाल एवं सुरेंद्र जैन बंटी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनय जैन, जिला उपाध्यक्ष भाजपा ग्वालियर उपस्थित रहे जबकि विशिष्ट अतिथियों में बमौरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि अग्रवाल एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू शामिल रहे। मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीत जैन खतौरा सहित कार्यक्रम में मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता (ख्यावदा वाले), महामंत्री कुलदीप जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकेश अग्रवाल ठेईया, रेनु भरत अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं अंजू गोयल, संगम अग्रवाल, सहमंत्री वैभव अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, प्रचार मंत्री मनीष गुप्ता, रेणु नीरज गोयल सहित समाज की कार्यकारिणी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

आधा सैकड़ा से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
महोत्सव के दौरान समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आधा सैकड़ा से अधिक प्रतिभाओं को महाराजा अग्रसेन पताका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर मंच से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज की युवा पीढ़ी शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़कर समाज का नाम रोशन कर रही है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।

प्रात: निकली प्रभातफेरी और भव्य चल समारोह के साथ मनी महाराजा अग्रसेन जयंती
सात दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के समापन अवसर पर रविवार को समाजजनों ने बड़े उत्साह और उल्लास के साथ महाराजा अग्रसेन जयंती मनाई। सुबह 6 बजे मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला से प्रभातफेरी निकाली गई, वहीं शाम 6 बजे महाराजा अग्रसेन का भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शहर में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा स्वागत किया गया।

समाज की वार्षिक आमसभा आज
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के समापन के पश्चात 12 अक्टूबर सोमवार को मध्यदेशीय अग्रवाल समाज की वार्षिक आमसभा का आयोजन मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला परिसर में दोप.12 से किया गया है। इस अवसर पर समाज की वार्षिक आमसभा में समाजजनों से शामल होने का आह़्वान किया गया।

No comments: