श्रेष्ठ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर किया सम्मानित, पूर्व छात्रों ने साझा किए विद्यालय से जुड़े संस्मरणशिवपुरी। शहर की गांधी कालोनी में संचालित बाल शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वर्गीय श्रीमती शमां छिब्बर की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, जिला परियोजना अधिकारी एवं पर्यटन एवं संवर्धन नोडल डूडा अधिकारी सौरभ गौड़, जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सांखला, डॉ. पीके खरे, रंगड़ स्कूल संचालक अशोक रंगड़, विश्व मांगल्य सभा अध्यक्ष श्रीमती विभा रघुवंशी, संरक्षक देवी प्रसाद शर्मा, एमएस द्विवेदी सहित विद्यालय के समिति के सदस्य, गणमान्य अतिथि, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. श्रीमती शमां छिब्बर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं गणेश स्तुति के साथ हुई। छोटे बच्चों ने वर्णमाला प्रस्तुति दी, वहीं श्रृंखला श्रीवास्तव ने कविता के माध्यम से स्व. शमां छिब्बर को याद किया। विद्यालय गीत की प्रस्तुति भी दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्कृतियों को दर्शाते हुए बंगाली नृत्य की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम का संचालन अवस्थी सर एवं आभा मैडम ने संयुक्त रूप से किया। आभार प्रदर्शन प्राचार्य पवन उपाध्याय ने किया। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
विद्यालय संचालक श्रीमती बिंदु छिब्बर ने दिया स्वागत उद्बोधन
विद्यालय संचालिका श्रीमती बिंदु छिब्बर ने स्वागत उद्बोधन में अपनी पूज्य मां श्रीमती शमां छिब्बर के जीवन संस्मरण और विद्यार्थियों के लिए उनके योगदान को साझा किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय 64 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा ग्रहण कर जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने अपने पूर्व छात्र के रूप में अनुभव किए साझा
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सौरभ गौड़ ने विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने यहां चार वर्ष शिक्षा प्राप्त की, लेकिन ये वर्ष जीवन के 25 वर्षों के अनुभव के समान रहे। उन्होंने कहा कि शमां छिब्बर ने विद्यार्थियों को अनुशासन और श्रमदान का महत्व सिखाया। उन्होंने विद्यालय में हुई अपनी फिजिकल ट्रेनिंग के संस्मरण भी साझा किए। विद्यालय के पूर्व छात्र संजय सांखला ने शमां छिब्बर को अपनी पूज्य मां के समान बताते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान है। अशोक रंगड़ ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढऩे का संदेश दिया। विश्व मांगल्य सभा अध्यक्ष श्रीमती विभा रघुवंशी ने शमां छिब्बर को सरस्वती माता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके संस्कार आज भी विद्यार्थियों के जीवन में दिखाई देते हैं। उन्होंने विद्यालय संचालिका बिंदु छिब्बर के प्रयासों और संघर्षों की सराहना की। पूर्व छात्रा एवं एयरफोर्स में फ्लाइंग पद पर पदस्थ युक्ति पाराशर ने भी विद्यालय से जुड़े संस्मरण सुनाए। उन्होंने एनसीसी सहित विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों को याद करते हुए विद्यार्थियों से सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
आठ विद्यार्थियों को मिली 51-5100 रूपये छात्रवृत्ति राशि
कार्यक्रम में पहली बार स्व. श्रीमती शमां छिब्बर की स्मृति में विद्यालय के आठ श्रेष्ठ विद्यार्थियों को 5100-5100 रुपये की प्रोत्साहन छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इनमें अनुष्का भाटी, श्रृष्टि सक्सेना, आस्था गोयल, रौनक लक्षकार, जोया खान, महक जैन, दिव्या कुशवाह और लावण्या शिवहरे शामिल हैं। इसके साथ ही बीती 26 सितंबर को आयोजित साइंस एग्जीबिशन में बेहतर मॉडल प्रस्तुत करने वाले भाग्यश्री अवस्थी, कीर्ति राठौर, श्रृष्टि धाकड़ और आस्था गोयल को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं जयदीप राठौर, ध्रुव धाकड़, दिव्यांश सोनी, अनुष्का भाटी और प्रियांशी रजक को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रा हर्षिता राठौर ने पूर्व छात्रा दिव्या भगवानी की स्मृतियां साझा कीं, जबकि सुविधि जैन ने कविता प्रस्तुत की।



No comments:
Post a Comment