---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, November 21, 2026

वोट चोरी के खिलाफ देशभर में चलेगा वोट रक्षक अभियान, हर घर में तैनात होंगे वोट रक्षक : डॉ. पुष्पा अमरनाथ


कांग्रेस के वोट चोर, देश बचाओ अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता

शिवपुरी। जिला मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कर्नाटक से राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं कांग्रेस की ऑब्जर्वर के रूप में डॉ. पुष्पा अमरनाथ ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस के वोट चोर, देश बचाओ एवं वोट रक्षक अभियान की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. पुष्पा अमरनाथ छतरपुर एवं टीकमगढ़, पन्ना होते हुए शिवपुरी पहुंचीं। यहां प्रेसवार्ता के बाद वह अशोकनगर होते हुए बेंगलुरु के लिए रवाना होंगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, संगठन महासचिव संजय चतुर्वेदी, एडवोकेट साहब सिंह कुशवाह, योगेश करारे, एडवोकेट पंकज आहूजा, अवधेश शिवहरे, लक्ष्येंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

       प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पा अमरनाथ ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ और लोकतंत्र एवं देश को बचाने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 26 नवंबर को मध्यप्रदेश के जबलपुर में संविधान मार्च रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पहले देशवासी गोरों से लड़ते थे, अब वोट चोरी करने वालों से लड़ाई लडऩी होगी। हमारे नेता राहुल गांधी लगातार मेहनत कर देश की जनता को इस मुद्दे की वास्तविकता समझा रहे हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वोट रक्षक अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस के मंडल, ब्लॉक एवं बूथ अध्यक्षों सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान से जुडऩे के लिए गूगल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कराकर भी वोट रक्षक बना जा सकता है। यह अभियान 25 दिसंबर तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित की जाएंगी तथा हर घर तक वोट रक्षक की भूमिका पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने सही मताधिकार से वंचित न रहे।

   डॉ. पुष्पा अमरनाथ ने कहा कि कांग्रेस संगठन जनता के बीच विश्वास कायम करने के लिए लगातार काम करेगा। ब्लॉक, मंडल, जिला कांग्रेस से लेकर प्रदेश कांग्रेस तक संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में बदलाव लाना है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जनता के बीच जाकर काम करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

No comments: