---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, December 28, 2025

अटल जी की स्मृतियों से गुलजार हुआ भाजपा कार्यालय


सेवा सप्ताह के तहत महिलाओं ने उकेरी रंगोली, बच्चों ने दिखाई चित्रकारी

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के गौरव, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पावन स्मृति में जिला स्तर पर सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पर महिला मोर्चा द्वारा एक भव्य रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और बच्चों के उत्साह ने वातावरण को अटलमय बना दिया।
रंगों और कला के माध्यम से दी श्रद्धांजलि
प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता से परिसर को मनमोहक रंगोलियों से सजाया, वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महापुरुषों और राष्ट्रभक्ति के चित्रों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस रंगोली प्रतियोगिता में अर्चना ओझा ने प्रथम, पुष्प लता ने द्वितीय और नीतू बाथम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में आस्था गर्ग प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि खुशी शिवहरे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से कनक शिवहरे और भूमि राठौर रहीं।
अटल जी का जीवन ही हमारे मार्गदर्शक : शिवहरे
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा शिवहरे ने कहा श्रद्धेय अटल जी का व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणा का पुंज है। भाजपा द्वारा उनकी स्मृति में मनाया जा रहा सेवा सप्ताह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उनके अंत्योदय के संकल्प को दोहराने का माध्यम है। आज की इन प्रतियोगिताओं के जरिए हमारी मातृशक्ति और आने वाली पीढ़ी को अटल जी के विचारों और भारतीय संस्कृति से जोडऩे का प्रयास किया गया है। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजू बाथम ने संबोधित करते हुए कहा अटल जी ने राजनीति में मूल्यों और सिद्धांतों की जो आधारशिला रखी, आज भाजपा उसी पर अडिग है। सेवा सप्ताह के माध्यम से हम समाज के हर वर्ग तक पहुँच रहे हैं। बच्चों और महिलाओं की यह सहभागिता दर्शाती है कि अटल जी आज भी हर भारतीय के हृदय में जीवित हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
*कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति*
इस अवसर पर उपाध्यक्ष हेमंत ओझा, केपी परमार, मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही राधा ओझा, शैलजा लवंगीकर, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, सोमवती यादव, शुभ्रा शर्मा, प्रशांत राठौर, अर्चना चतुर्वेदी, मुन्नी शर्मा, साधना शिवहरे, रजनी शिवहरे, नीलम चंदेल, बबीता जाटव, मिथिलेश ओझा और रुक्मणी ओझा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

No comments: