---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, May 20, 2026

कोतवाली पुलिस ने स्मैक बेचने आया तस्कर दबोचा, 4 लाख रूपए की 15.82 ग्राम स्मैक एवं बाइक जब्त


शिवपुरी-
शहर में युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रहे स्मैक कारोबारियों पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने होटल ग्रीन व्यू के पास फॉरेस्ट चौकी क्षेत्र में दबिश देकर एक युवक को 15.82 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4 लाख रुपए कीमत की स्मैक और 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

शहर में लगातार बढ़ रहे स्मैक कारोबार और युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल ग्रीन व्यू के आगे फॉरेस्ट चौकी के पास पुलिया पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर बैठा युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि सरदार पुत्र काबुल सरदार निवासी बड़ागांव थाना देहात शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर आरोपी की लोअर की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखी 15.82 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से स्मैक और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया। कोतवाली पुलिस अब आरोपी से स्मैक सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि शहर को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई में निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक अमित चतुर्वेदी, सुमित शर्मा, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी, विवेक भट्ट सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। 

No comments: