---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, September 30, 2026

डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिता : डीएसबायडब्ल्यू और हैप्पी डेज ए स्कूल ने दर्ज की शानदार जीत, अगले दौर में प्रवेश


जिला खेल परिसर में इंटर स्कूल अंडर-14 बालक/बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित

शिवपुरी-खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में आयोजित इंटर स्कूल अंडर-14 बालक/बालिका वर्ग डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को बालक वर्ग के 03 रोमांचक मैच खेले गए। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए डीएसबायडब्ल्यू एवं हैप्पीडेज ए स्कूल की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है और 3-3 अंक अर्जित किए हैं। आज खेले गए पहले मुकाबले में डीएसबायडब्ल्यू की टीम ने गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से पराजित किया। इस मैच में डीएसबायडब्ल्यू टीम के खिलाड़ी कार्तिक ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 02 गोल किए, जबकि देव ने 01 गोल दागकर टीम को 3-0 की एकतरफा जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में हैप्पी डेज ए स्कूल ने इनोवेटिव स्कूल को 3-0 से हराकर अपने ग्रुप में 3 अंक हासिल किए।

ग्रुप सी के कड़े मुकाबले में ड्रॉ पर छूटा मैच
दिन का तीसरा मुकाबला ग्रुप सी के अंतर्गत वेदांता हॉस्टल और हैप्पीडेज बी टीम के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा और संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के डिफेंडर खिलाडिय़ों और गोलकीपरों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई गोल रोके, जिसके चलते मैच 0-0 की बराबरी पर छूटा और दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा।

आज खेले जाएंगे 04 महत्वपूर्ण मुकाबले
प्रतियोगिता के अंतर्गत आज 01 अक्टूबर 2026 को श्रीमंत माधवराव सिंधिया अंर्तराष्ट्रीय स्पोर्ट्स क्लब में 04 मैच खेले जाएंगे। जिसमें पहला मैच बाल शिक्षा निकेतन बनाम वेदांता हॉस्टल बॉयस सुबह 8.30 बजे से, दूसरा मैच इनोवेटिव स्कूल बनाम कठमई ग्राउंड सुबह 9:15 बजे से, तीसरा मैच डीएसबायडब्ल्यू बनाम दून पब्लिक स्कूल सुबह 10 बजे से तथा चौथा मैच हैप्पी डेज ए बनाम कठमई ग्राउंड सुबह 10.40 बजे से खेला जाएगा।

No comments: