---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, October 1, 2026

राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में हैप्पीडेज स्कूल प्रथम



भारत विकास परिषद शाखा मणिकर्णिका ने आयोजित की प्रतियोगिता, पांच विद्यालयों के 40 विद्यार्थियों ने लिया भाग

शिवपुरी। भारत विकास परिषद शाखा मणिकर्णिका, शिवपुरी द्वारा गत दिवस न्यू मधुरम स्वीट्स सभागार में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच विद्यालयों के 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद शाखा मणिकर्णिका अध्यक्ष श्रीमती ऋतु गोयल, सचिव श्रीमती राखी गोयल व कोषाध्यक्ष श्रीमती गीता शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में हैप्पी डेज स्कूल ने प्रथम, शासकीय कन्या महाविद्यालय ने द्वितीय तथा पीएम श्री स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 

वहीं मदर टेरेसा स्कूल एवं सईसपुरा पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपना घर महिला आश्रम की अध्यक्ष श्रीमती बबीता जैन एवं भारत को जानो की प्रांतीय संयोजक श्रीमती पूनम भाटिया व संरक्षक श्रीमती किरण उप्पल उपस्थित रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. आकांक्षा गौड़ तथा विशाल पराड़कर शामिल रहे।  संचालन श्रीमती विनीता जैन के द्वारा जबकि आभार संस्था सचिव राखी गोयल के द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments: