---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, September 13, 2025

लोक अदालत के दौरान न्यायालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर से सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ


शिवपुरी। जिला न्यायालय शिवपुरी में आज आयोजित लोक अदालत शिविर का माहौल इस बार विशेष रहा। न्यायिक कार्यवाही के साथ-साथ पक्षकारों, अभिभाषकों और न्यायालय कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी के अध्यक्ष अधिवक्ता विजय तिवारी द्वारा न्यायालय परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अलग-अलग विभागों के चिकित्सकों की टीम ने पूरे दिन अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उल्लेखनीय है कि चिकित्सा शिविर का संपूर्ण व्यय स्वयं अभिभाषक संघ अध्यक्ष विजय तिवारी ने उठाया।

पहली बार न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर
विजय तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत के अवसर पर बड़ी संख्या में पक्षकार, अभिभाषक एवं कर्मचारी न्यायालय परिसर में उपस्थित रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पहली बार यहां स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला और लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
400 से अधिक लोगों की हुई जांच
शिविर में चार सैकड़ा से अधिक लोगों ने लाभ उठाया, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की जांच की गई, हृदय, श्वसन, तथा अन्य सामान्य रोगों की स्क्रीनिंग की गई, महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण की भी निशुल्क व्यवस्था की गई। महिलाओं सहित वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में अपनी जांच करवाई।
सामाजिक पहल का सराहनीय कदम
यह पहल न्यायिक कार्यों के बीच स्वास्थ्य चेतना को बढ़ाने का एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। उपस्थित अभिभाषकों और पक्षकारों ने इस शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए।

No comments: