---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, March 25, 2026

खड़ीचा में श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की धूम, करैरा से निकली भव्य शोभायात्रा


शिवपुरी/करैरा-
जिले के करैरा अनुभाग अंतर्गत ग्राम खड़ीचा में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ को लेकर तैयारियां पूरे उत्साह के साथ जारी हैं। बुधवार को जयपुर से भगवान श्रीराम की मूर्तियां करैरा पहुंचीं, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ उनका भव्य स्वागत किया। श्रद्धालु नाचते-गाते शोभायात्रा के रूप में ग्राम खड़ीचा के लिए रवाना हुए।

कृषि उपज मंडी प्रांगण, करैरा में सुबह 9 बजे से ही भक्तों का जुटना शुरू हो गया था। शंखनाद के साथ प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा करैरा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए करही-नरवर मार्ग के जरिए ग्राम खड़ीचा पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन समिति के अनुसार, ग्राम खड़ीचा में 1 मई से 8 मई तक विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नवचंडी पाठ, दुर्गा पाठ सहित अनेक अनुष्ठान संपन्न होंगे। वृंदावन धाम से पधार रहे श्री कृष्णचंद्र ठाकुर जी एवं भागवत भाष्कर आचार्य जी द्वारा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। महोत्सव के समापन अवसर पर 8 मई को 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके साथ ही पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करें।

No comments: