---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, March 25, 2026

शिवपुरी में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगें : महाआर्यमन सिंधिया

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में क्रिकेटरों से युवराज ने की मुलाकात, मांगे सुझाव, हुआ स्वागत



शिवपुरी-
क्रिकेट के क्षेत्र में शिवपुरी में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है बस आवश्यकता है उन्हें तराशने की और इसे लेकर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन शिवपुरी में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने के लिए सतत कार्यरत है और हर संभव प्रयास कर क्रिकेट के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किए जाऐंगें, अभी वर्तमान हालातों में खेल परिसर में फ्लड लाईट की व्यवस्था और अंतर विभागीय प्रतियोगिताओं सहित कम से कम 5 प्रतियोगिताऐं ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाऐंगी, ऐसा हमारा प्रयास रहेगा ताकि क्रिकेट के क्षेत्र में होनहार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जाए। यह कहना था मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन(एमपीसीए)अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने जो स्थानीय होटल पीएस में आयोजित जिला क्रिकेट एसोसिएशन शिवपुरी के अभिनंदन समारोह में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से क्रिकेट के खेल को प्रोत्साहित करते हुए अपना उद्बोधन दे रहे थे।

इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सांखला व कोषाध्यक्ष मुकेश जैन एवं समस्त क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी व ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन से शामिल हुए सचिव संजय आहूजा भी मौजूद रहे। इस दौरान क्रिकेट के विकास को लेकर महाआर्यमन सिंधिया ने सभी क्रिकेटरों से चर्चा की और उनके महत्वपूर्ण सुझाव लिए ताकि क्रिकेट के सर्वांगीण विकास को और आगे बढ़ाया जा सके। इसके अलावा चर्चाओं में यह सामने आया कि जिला मुख्यालय पर स्थित स्टेडियम में जल्द ही फ्लड लाईट सहित जिला मुख्यालय पर वर्ष भर में ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 5 प्रतियोगिताऐं आयोजित किए जाने एवं अंतर संभागीय प्रतियोगिताऐं भी आयोजित हो, ऐसा प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए ग्वालियर की महिला क्रिकेटर अनुष्का शर्मा और उसकी साथी खिलाड़ी के दौरे भी समय-समय पर कराए जाए जाऐंगें ताकि महिला खिलाडिय़ों से इनकी मुलाकात कर महिला क्रिकेट खिलाड़ी को भी सामने लाया जा सके। इस अवसर पर एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया के साथ हुई चर्चा के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, सिद्धार्थ लड़ा, वरिष्ठ क्रिकेटर छोटे खान उस्ताद, गणेश गुप्ता, योगेंद्र रघुवंशी, नीरज शर्मा, गिरीश मिश्रा, कमल सिंह बॉथम, दीपक सोनी, अमित जैन टिंकल, जकी खान, शमी खान, मनोज शर्मा पप्पू लाला, प्रभात मिश्रा, दिलीप वैश्य आदि सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी के प्रति आभार प्रदर्शन शिवपुरी क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सांखला के द्वारा व्यक्त किया गया।

जीडीसीए में शिवपुरी के 4 क्रिकेटर भी होंगें शामिल, मिला आश्वासन
इस दौरान वरिष्ठ क्रिकेटर छोटे खां व गिरीश मिश्रा मामा सहित पूरी टीम ने युवराज से मांग की कि शिवपुरी जिले से 4 वरिष्ठ क्रिकेट खिलाडिय़ों को ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन में शामिल किया जाए ताकि वह जिले के खिलाडिय़ों को संभाग तक पहुंचाने का कार्य करें और इससे क्रिकेट को भी बढ़ावा मिले। इस मांग पर तत्काल युवराज ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही 4 वरिष्ठ क्रिकेट खिलाडिय़ों को जीडीसीए में शामिल किया जाएगा।

No comments: