शिवपुरी- करैरा पुलिस ने गुरुवार को ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा कर झारखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करैरा निवासी श्याम कुमार गुप्ता ने 12 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपियों ने उनके खाते से 2 लाख 62 हजार रुपए निकाल लिए थे।करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। एक टीम गठित कर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए आरोपियों का पता लगाया और झारखंड से बेदांत गुप्ता (20) और गौरव मेहता (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में, आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की इस वारदात को अंजाम दिया था और ठगी गई रकम को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया था। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से उन बैंक खातों को होल्ड करवा दिया है, जिनमें ठगी की रकम स्थानांतरित की गई थी।
जांच से यह भी पता चला है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में सक्रिय हैं। पुलिस के अनुसार, ठगी की यह वारदात ऑनलाइन गेमिंग लिंक के माध्यम से की गई थी। फरियादी द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही, आरोपियों को उनके बैंक खाते तक पहुंच मिल गई और उन्होंने पूरी रकम निकाल ली। गिरफ्तार किए गए आरोपी कमीशन एजेंट के तौर पर काम करते थे। वे ठगी की रकम में से अपना कमीशन काटकर शेष राशि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में बैठे गिरोह के सरगना को भेज देते थे। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही अन्य राज्यों में दबिश देकर गिरोह के मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

No comments:
Post a Comment