---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, April 9, 2026

कलेक्टर ने कोलारस एवं पिछोर के विद्यालयों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी



शिवपुरी-
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी द्वारा गुरुवार को विकासखण्ड कोलारस एवं पिछोर के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास धीरेन्द्र जादौन, डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री चौधरी ने विकासखण्ड कोलारस अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय पड़ोरा सड़क का निरीक्षण किया। विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य कुसुम नरवरिया को अध्यापन कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षक के अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के फर्श सुधार एवं शौचालय के ऊपर शेड निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।

विकासखण्ड बदरवास अंतर्गत एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय टीलाकलां के निरीक्षण के दौरान भी विद्यार्थियों की कम उपस्थिति एवं अध्यापन कार्य में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों द्वारा प्राप्त शिकायत के आधार पर विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह राणा के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा संबंधित सीएसी एवं बीआरसीसी को हटाने के निर्देश दिए गए। एकीकृत शाला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीरा के निरीक्षण में भी विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर प्राचार्य एम.एल. चौधरी के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम वीरा में आधार शिविर आयोजित कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चौधरी ने उप तहसील खोड़ में नायब तहसीलदार के अनुपस्थित पाए जाने पर एसडीएम को निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से उपतहसील में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इस दौरान उन्होंने ग्राम गणेशखेड़ा स्थित सीएम राईज स्कूल के निर्माणाधीन कार्य को भी देखा।

No comments: