---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, May 18, 2026

तारकेश्वरी कॉलोनी स्थित लायब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्रों पर हुआ हमला, 3 नामजद सहित 15 पर मामला दर्ज


सीसीटीव्ही में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र की तारकेश्वरी कॉलोनी स्थित गुरु लाइब्रेरी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 10 से 15 युवक लाइब्रेरी में घुस आए और पढ़ाई कर रहे छात्रों पर डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, घायल छात्र प्रदीप गुर्जर मूल रूप से ग्राम बिची थाना सुरवाया का निवासी है और वर्तमान में तारकेश्वरी कॉलोनी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि शनिवार को लाइब्रेरी में कुर्सी हटाने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया था। उस दौरान मामूली हाथापाई भी हुई थी।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे प्रदीप लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहा था, तभी अनिल ठाकुर, युवराज ठाकुर, अंकुश यादव सहित 10 से 15 युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गालीगलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर डंडों और घूंसों से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप के सिर और भौंह में चोट आई, जबकि उसकी पीठ पर भी गंभीर चोटें पहुंचीं। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटू गुर्जर और दीपक कुशवाह के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शिकायत के अनुसार छोटू की नाक और पीठ में चोट आई, जबकि दीपक के हाथ,कलाई और बगल में चोटें पहुंचीं। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के समय मोहित सेन और नरेंद्र जाटव भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी। मारपीट की पूरी वारदात लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments: