---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, May 20, 2026

तीन दिवसीय आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न


शिवपुरी-
राज्य आनंद संस्थान जिला शिवपुरी के संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी जेपी गुप्ता के निर्देशन तथा जिला संपर्क व्यक्ति अभय जैन एवं वन विभाग के अधिकारी अनूप धुर्वे के समन्वय से वन विद्यालय, वन विभाग शिवपुरी में तीन दिवसीय आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यशाला में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वन विभाग के 72 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का आयोजन राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग द्वारा किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए वन विभाग के रेंजर अनूप धुर्वे ने कहा कि मानव का मूल स्वभाव आनंदित रहना है। जब व्यक्ति आत्मचिंतन करता है, संबंधों की गहराई को समझता है और आंतरिक शांति की ओर अग्रसर होता है, तभी उसे सच्चे आनंद की अनुभूति होती है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने आत्म-निरीक्षण, जीवन मूल्य, कृतज्ञता, क्षमा, संबंध सुधार एवं सेवा भावना जैसे विषयों पर आधारित विभिन्न सत्रों में सहभागिता की। कार्यशाला के संचालन में राज्य आनंद संस्थान अशोकनगर के मास्टर ट्रेनर हितेंद्र बुधौलिया एवं सतीश दुबे, जिला सीहोर से श्रीमती बबली शर्मा, जिला उज्जैन से सुश्री रंजना मालवीय, मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित तथा आनंदम सहयोगी ब्रजेश सिंह तोमर, प्रीति तिवारी, प्रमोद रावत, प्रियांशु भार्गव एवं दुर्गेश गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उनके जीवन में नई दृष्टि एवं संतुलन विकसित हुआ है। प्रतिभागियों ने बताया कि कार्यशाला ने उन्हें स्वयं की त्रुटियों पर ध्यान केंद्रित करने, संबंधों में सुधार लाने, दैनिक आत्म-निरीक्षण की आदत विकसित करने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त अनुभवों को निजी जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही प्रतिभागियों ने भविष्य में भी राज्य आनंद संस्थान से जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त की। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के मानसिक एवं भावनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुई, वहीं शासन स्तर पर सकारात्मक मनोवृत्ति को बढ़ावा देने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना गया।

No comments: