---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, May 23, 2026

प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र पर अव्यवस्थाओं का अम्बार!


कभी भी जानलेवा घटना होने की संभावना, प्रशासनएवं व्यवस्थापकों को कोई परवाह नहीं

शिवपुरी- जिला मुख्यालय पर एनजीओ के माध्यम से संचालित प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र का संचालन होटल युवराज के समीप संचालित किया जा रहा है, जहां नशे में डुबे हुए व्यक्तियों को नशा से छुड़ाने के उद्देश्य से यह केन्द्र चलाया जा रहा है। नशा मुक्ति केन्द्र पर ग्रामीणों को नशा छुड़वाने के नाम पर यहां भर्ती किया जाता है एवं इनके उपचार के बदले में (अच्छी खासी) मोटी फीस भी यहां भर्ती नशा करने वालों के परिजनों से लिए जाते है जबकि शासन से भी एनजीओ के द्वारा अनुदान प्राप्त किया जाता है। यहां भर्ती किये गये लोगों को आवास के नाम पर सिर्फ एक या दो 20 बाई 20 के हॉल में कैद करके रखा जाता है, यहां गर्मी-सर्दी से बचाव को लेकर कोई ठोस व्यवस्था इनके पास नहीं है। 

आसपास परिसर में गंदगी भरी होने के कारण यहां साफ-सफाई का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा। यहां सरेआम सीवर की गंदगी रोड़ पर फैलने के कारण संक्रमण का खतरा हमेशा बना रहता है। नशा मुक्ति केन्द्र आवासीय क्षेत्र में संचालित हो रहा है जो कि नियमों के विपरीत है। वहीं जब भी भर्ती किए गए नशा करने वालों के परिजन आते है तो यहां कोई भी व्यवस्थापक नजर नहीं आते और ना ही कोई मौके पर मिलता है जिससे यहां संचालित गतिविधि को लेकर अभिभावक निश्चिंत हो। आए दिन यहां पर अभिभावक परेशान होकर शोर गुल एवं लड़ाई जबर्दस्ती अपने(बच्चों/लोगों) को परिवारजन यहां से वापस ले जाते देखे गए है। भोजन एवं पीने के पानी की भी यहां कोई साफ-स्वच्छ व्यवस्था नहीं है। यहां पर ना तो कोई चिकित्सक यहां भर्ती नशेडिय़ों की देखरेख अथवा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आता और ना ही उन्हें यहां किया उपचार प्रदान किया जा रहा, इस संबंध में जानकारी दी जाती। यहां करीब एक साथ 30 से 40 लोगों को एक ही हॉल में कैदियों से भी बुरी स्थिति में रखा जा रहा है।

प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है, कभी भी संक्रामक रोग फैलने की घटना यहां घटित हो सकती है। यदि कोई भर्ती नशेड़ी व्यक्ति मौके से परेशान होकर भागना चाहे तो इनके तथाकथित स्टाफ के लोग उसे बुरी तरह से मारते-पीटते है। यहां के आसपास के नागरिक इस केन्द्र की संचालित गतिविधियों को देखकर व्यथित एवं परेशान होते रहते है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देकर जानकारी लेना चाहिए एवं नशेडिय़ों उनके परिवार को आने वाले भविष्य के खतरे बचाव हेतु जांच कराई जा कर दोषियों के प्रति उचित कार्यवाही की जाना चाहिए। यहां पर कोई आवास व्यवस्था ना होने से यह केन्द्र केवल नशेडिय़ों के अभिभावकों से धन उगाही कर अय्याशी का अडडा बना हुआ है।

इनका कहना है-
नशे के आदि लोगों को नशे से दूर करने के लिए कई एनजीओ संचालित है, शिवपुरी में प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र पर भी यदि नशा मुक्ति का कार्य किया जा रहा है तो बेहतर है, यदि यहां अनियमितताऐं और कोई समस्या है तो हम मामले को दिखवाकर शीघ्र निरीक्षण भी कराऐंगें।
अर्पित वर्मा
कलेक्टर, शिवपुरी


हमने सीवर समस्या को लेकर कई बार नपा में शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ, मैं अभी शहर से बाहर हूंू, प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र संस्था के नियम निर्देशों के अनुसार ही संचालित किया जा रहा है, यदि कोई समस्या है तो हम दिखवाते है।
आदित्य तोमर
संचालक, प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केन्द्र, शिवपुरी

No comments: