शिवपुरी। ग्राम सतेरिया निवासी दिनेश रावत एवं उनके परिवार ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी विधिवत खरीदी गई कृषि भूमि पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा करने का प्रयास किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।प्रार्थी दिनेश रावत एवं बलवीर सिंह रावत ने बताया कि उनके परिवार ने अपने जीवनभर की मेहनत की कमाई से ग्राम सतेरिया स्थित सर्वे नंबर 23, 24/1 एवं 26 की कृषि भूमि विधिवत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी है। उक्त भूमि का नामांतरण भी राजस्व अभिलेखों में उनके परिवार के नाम दर्ज है।
एसपी को की शिकायत में फरियाद ने बताया कि ग्राम सतेरिया निवासी जगदीश रावत, जसवंत रावत, कैलाश रावत उर्फ लल्लू तथा जयपाल रावत, जो एक ही परिवार से हैं, ट्रैक्टर एवं हथियारों के साथ उनकी कृषि भूमि पर पहुंचे और ट्रैक्टर से खेत जोतना शुरू कर दिया। जब प्रार्थी एवं उनके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज, झूमाझटकी करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कहा कि यदि वे वहां से नहीं हटे तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
प्रार्थी का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं, जिसके कारण परिवार भयभीत है और किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनकी कृषि भूमि को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए तथा आरोपितों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

No comments:
Post a Comment