---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, July 4, 2026

पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्मिक संतुलन की दिशा में पहल


शिवपुरी में अल्पविराम परिचय कार्यशाला का शुभारंभ

शिवपुरी। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वय से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मिक संतुलन एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस विभाग के लिए एक दिवसीय अल्पविराम परिचय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।

यह कार्यशाला जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा जिला संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी (आनंद विभाग) अनुराग निंगवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन भूटिया के समन्वय से आयोजित की गई। इसी क्रम में अब प्रत्येक शनिवार पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय अल्पविराम परिचय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जुलाई माह के प्रथम शनिवार को इस श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला के प्रारंभिक सत्र में आनंद संस्थान के जिला संपर्क व्यक्ति अभय कुमार जैन ने आनंद संस्थान का परिचय देते हुए उसके उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के प्रयासों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। द्वितीय सत्र में मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित ने अल्पविराम की अवधारणा पर संवाद करते हुए प्रतिभागियों को यह समझाया कि जीवन में आनंद क्या है, किन परिस्थितियों में वह बढ़ता और घटता है तथा आत्मचिंतन के माध्यम से जीवन को अधिक संतुलित एवं आनंदमय कैसे बनाया जा सकता है। 

उन्होंने अल्पविराम से अपने जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को साझा करते हुए प्रतिभागियों को भी अपने जीवन में आत्मिक संतुलन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। आनंदम सहयोगी सुश्री प्रीति तिवारी ने विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी आंतरिक क्षमताओं की पहचान करने तथा अल्पविराम के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग से कार्यक्रम प्रभारी अरुण प्रताप सिंह जादौन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments: