मोती सागर तालाब के सफाई अभियान का लिया जायजा, पिछोर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षणशिवपुरी-मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आज कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पिछोर विकासखण्ड का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व योजनाओं और औद्योगिक गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कन्या आश्रम शाला का औचक निरीक्षण
दौरे की शुरुआत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विकासखण्ड पिछोर स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम शाला, ढ़ला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाला परिसर के पुस्तकालय, भोजन कक्ष एवं रसोई का बारीकी से जायजा लिया। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के क्रम में उन्होंने जनपद सीईओ श्री नरवरिया को आश्रम परिसर में बिजली व्यवस्था शीघ्र ठीक करवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम पंचायत बदरवास का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत हो रहे रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र भी प्राप्त किए। संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने तथा प्राप्त आवेदनों का समयसीमा के भीतर त्वरित व निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अवस्थापना कार्यों का गहन निरीक्षण
क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं निवेश के नए अवसरों को सृजित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर के बदरवास ग्राम में नवीन विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्योग क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, बिजली, सड़क, पानी और प्लॉट आवंटन की भावी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक विकास से जुड़े सभी निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिल सके।

No comments:
Post a Comment