बारिश फुहारों के बीच बदरवास में निकला आरएसएस का भव्य पथ संचलन, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
शिवपुरी/बदरवास -राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बदरवास नगर में अनुशासित और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत भव्य और विशाल पथ संचलन का आयोजन शुक्रवार को किया गया। पथ संचलन के समय बारिश की फुहार भी शुरू हो गई थी लेकिन अनुशासन से बंधे स्वयंसेवकों के कदमों को बारिश डिगा न सकी। पथ संचलन भुवनेश्वरी मंदिर गढ़ी प्रांगण से शुरू होकर संपूर्ण नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। घोष की ओजस्वी थाप और कदमताल मिलाते स्वयंसेवकों के संचलन को देखने के लिए पूरा नगर उमड़ पड़ा। संचलन मार्ग में नगरवासियों ने जोरदार पुष्प वर्षा कर पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का जोशीला स्वागत किया।
गढ़ी प्रांगण से शुरू होकर वहीं हुआ संचलन का समापनपथ संचलन का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक भुवनेश्वरी मंदिर गढ़ी प्रांगण से हुआ। यहाँ से प्रारंभ होकर संचलन कटरा मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 9, हतनापुर रोड, पंचमुखी हनुमान मंदिर,बस स्टैंड, आसमानी गली, जैन कॉलोनी, रिजोदी रोड, लाल चौक, लक्ष्मीगंज, सढ़ रोड, श्रीराम कॉलोनी, बारई रोड, हनुमान कॉलोनी, एबी रोड और मठ मोहल्ला,पुराना बाजार होते हुए पुन: भुवनेश्वरी मंदिर प्रांगण पहुँचकर संपन्न हुआ। पथ संचलन में पूर्ण गणवेश ,खाकी पैंट, सफेद शर्ट, सिर पर टोपी,में हाथों में दंड लिए स्वयंसेवक जब सीना तानकर अनुशासनबद्ध होकर निकले, तो पूरा माहौल देशभक्ति के रंगों में रंग गया। घोष दल की लयबद्ध धुन पर कदमताल करते स्वयंसेवकों की पंक्तिबद्ध उपस्थिति देखते ही बन रही थी। पथ संचलन के स्वागत के लिए नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत हुआ। नगरवासियों ने छतों और रास्तों से स्वयंसेवकों पर जमकर पुष्प वर्षा की। नगरवासियों की जगह-जगह भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

No comments:
Post a Comment