दिवंगत साहित्यकारों को श्रद्धांजलि अर्पितशिवपुरी। पितृपक्ष के दिनों में जिस तरह हम अपने परिजनों का स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी भावुकता और संवेदना व्यक्त करते हैं उसी तरह देश की प्रगति में योगदान देने वाले और समय समय पर समाज को राह दिखाने वाले साहित्यकारों का स्मरण कर उनका भी आभार व्यक्त करना चाहिए ,यह कहते हुए मध्य प्रदेश लेखक संघ के अध्यक्ष डॉ महेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में भी नगर की साहित्यिक संस्थाओं ने सामूहिक रूप से दिवंगत साहित्यकारों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सर्व पितृ अमावस्या पर उनकी स्मृति में दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संचालक राकेश भटनागर द्वारा वीणा वादिनी की वंदना के उपरांत आजिर खान ने अपनी नज़्मों में जंतर मंतर के प्रदर्शन और 1980 के समय की पीढ़ी के सामने आये परिवर्तनों की चर्चा की। याकूब साबिर ने गजलें पढ़ते हुए बताया कि बदलते समय के साथ चलना भी एक कला है। उन्होंने फरमाया कि उम्र गुजरी मगर नहीं आए, जिंदगी के हुनर नहीं आए। मुख्य अतिथि भगवान सिंह यादव ने वर्तमान जीवन की विसंगतियों को दृष्टिगत रखते हुए मानव को धर्म और अध्यात्म की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया।उन्होंने बाद में प्रेम पर भी एक गजल कही। राकेश भटनागर ने तलवार और कलम के रूपक को बांधते हुए तलवार के दुष्परिणाम और कलम से मिलने वाले प्रतिफलों की ओर संकेत किया।
तदुपरांत वर्तमान परिवेश पर एक व्यंग्य रचना प्रस्तुत की। डॉ. महेंद्र अग्रवाल ने स्मृति, विरह, सान्निध्य और गीत-सृजन के पारस्परिक संबंध का गीत प्रस्तुत किया जिसमें प्रिय केवल प्रेम का पात्र नहीं ,उसके लिए जीवन का स्वर, प्रकाश, मरहम और रचनात्मक ऊर्जा का स्रोत बन जाता है। उन्होंने कहा जब कभी गीत होठों से खो जायेगा, तेरी आवाज उसको बुला लाएगी। ये अँधेरा घिरेगा जो चारों तरफ ,तेरी आहट नई राह दिखलाएगी।

No comments:
Post a Comment