---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, November 15, 2026

बिरसा मुंडा जयंती पर 22 नवंबर को पोहरी में कांग्रेस की विशाल सभा, जीतू पटवारी-उमंग सिंघार समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल


किसानों की समस्याओं, बिजली कटौती और खाद संकट पर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी, सुंदरकांड भी होगा

शिवपुरी-बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को शिवपुरी जिले के पोहरी में कांग्रेस बड़ा आयोजन करने जा रही है। पोहरी के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा को याद करने के साथ आमसभा भी होगी। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। आमसभा के जरिए कांग्रेस किसानों की समस्याओं, बिजली कटौती और पर्याप्त खाद की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है।
पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने बताया कि 22 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड से होगी। इसके बाद कॉलेज ग्राउंड में आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। विधायक के मुताबिक, आयोजन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक जयवर्धन सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक यादव, पूर्व विधायक केपी सिंह कक्काजू, आदिवासी नेता विक्रम भूरिया, रामू टेका रामजी, शिवपुरी जिले के प्रभारी लाखन सिंह यादव और विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा सहित अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस इस आयोजन के जरिए किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। क्षेत्र में बिजली कटौती, खाद की पर्याप्त उपलब्धता और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर आमसभा में भाजपा सरकार को चेतावनी दी जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। पोहरी में होने वाले इस आयोजन को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होने वाली आमसभा के जरिए पार्टी आदिवासी समाज के साथ-साथ किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाने की तैयारी में है।

No comments: