मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति, स्कूली छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियांशिवपुरी-मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क स्थित मानस भवन में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के पश्चात राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान के समवेत गायन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदियों) के संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए समारोह में विशेष रूप से मीसाबंदियों का सम्मान किया गया।
मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह एवं अन्य अतिथियों ने मीसाबंदी श्री महेश गौतम और श्री हरिहर शर्मा को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, माखनलाल राठौर, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, पूर्व नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, श्रीमती शैलजा, हेमंत ओझा, लवलेश जैन, हरवीर रघुवंशी आदि शामिल हुए।
मेधावी छात्रा को 1 लाख रुपए की छात्रवृत्ति
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम खिरकिट निवासी सुश्री पूनम साहू को वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। मंत्री श्री कुशवाह ने उन्हें छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विरासत और विकास के साथ नए आयाम गढ़ रहा है मध्यप्रदेश : मंत्री नारायण सिंह कुशवाह
मानस भवन में आयोजित मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का है। वर्ष 1956 से लेकर अब तक मध्य प्रदेश लगातार नए आयामों को छूते हुए प्रगति और विकास की गाथा गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत शिवपुरी जिले में भी बड़े उद्योगों की स्थापना की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी में बड़े उद्योग की आधार शिला रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सहित प्रदेश में कृषि विकास दर में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जिससे हमारी अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल रही है।

No comments:
Post a Comment