जिला उपभोक्ता आयोग ने परिवादी का 2 लाख क्षतिपूर्ति का दावा किया निरस्त, अधिवक्ता पंकज आहुजा की प्रभावी पैरवीशिवपुरी/नरवर। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग, शिवपुरी ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नरवर शाखा के विरुद्ध प्रस्तुत उपभोक्ता परिवाद में बैंक के पक्ष में महत्वपूर्ण निर्णय पारित किया है। आयोग ने परिवादी अमृतलाल बघेल द्वारा प्रस्तुत परिवाद को निरस्त करते हुए बैंक द्वारा जारी बकाया राशि संबंधी नोटिस को उचित माना।
प्रकरण के अनुसार परिवादी अमृतलाल बघेल निवासी ग्राम काली पहाड़ी मेड़ा, तहसील नरवर ने भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य बाजार नरवर के विरुद्ध किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खाते से संबंधित विवाद को लेकर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 35 के अंतर्गत परिवाद प्रस्तुत किया था। परिवादी का कहना था कि उसने दिनांक 17 फरवरी 2021 को बैंक में राशि 1,26,300 जमा कर अपना केसीसी खाता बंद करा दिया था। इसके बावजूद बैंक द्वारा दिनांक 17 दिसंबर 2022 को राशि 6,854 एवं 745 ब्याज की बकाया राशि के भुगतान हेतु नोटिस जारी किया गया। परिवादी ने उक्त नोटिस निरस्त करने के साथ रूपये 2 लाख की शारीरिक एवं मानसिक क्षतिपूर्ति तथा अन्य राहत की मांग की थी। वहीं बैंक की ओर से प्रस्तुत लिखित तर्क में यह स्पष्ट किया गया कि केवल राशि जमा कर देने से केसीसी खाता स्वत: बंद नहीं होता, बल्कि खाते को बंद करने के लिए बैंक की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है। खाते में ब्याज अथवा अन्य देय राशि शेष रहने पर उसका भुगतान भी आवश्यक होता है।
प्रकरण में भारतीय स्टेट बैंक, नरवर शाखा की ओर से अधिवक्ता पंकज आहुजा द्वारा प्रभावी विधिक पैरवी की गई। इस दौरान अधिवक्ता चंद्रशेखर भार्गव, आकाश जैन, पूजा शिवहरे, दिव्या अग्रवाल एवं निकिता मौर्य का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैंक की ओर से प्रस्तुत लिखित तर्कों में खाते की बकाया राशि एवं बैंकिंग प्रक्रिया के संबंध में अपना पक्ष रखा गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार चौबे एवं सदस्य श्री राजीव कृष्ण शर्मा ने दिनांक 16 नवंबर 2026 को पारित निर्णय में पाया कि परिवादी ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे यह प्रमाणित हो कि राशि 1,26,300 की राशि जमा करने पर बैंक की पूर्ण संतुष्टि में केसीसी खाता स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। आयोग ने यह भी माना कि परिवादी द्वारा प्रस्तुत जमा रसीद से केवल राशि जमा किया जाना प्रमाणित होता है, खाते का पूर्ण रूप से बंद होना नहीं। अत: बैंक द्वारा बकाया राशि के संबंध में जारी नोटिस को अनुचित नहीं माना जा सकता तथा बैंक की ओर से सेवा में कमी प्रमाणित नहीं हुई। अंतत: आयोग ने परिवादी का संपूर्ण परिवाद निरस्त कर दिया तथा दोनों पक्षों को अपना-अपना वाद व्यय स्वयं वहन करने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment