कॉलेज में राजनीतिक गतिविधियों के आयोजन को बताया नियम विरुद्ध, भविष्य में कार्यक्रम आयोजित नहीं कराने की मांगशिवपुरी। शासकीय स्वर्गीय इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आपत्ति दर्ज कराई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के निर्देशन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य एन.के. जैन को ज्ञापन सौंपकर शासकीय शैक्षणिक संस्थान में राजनीतिक गतिविधियों के आयोजन पर विरोध जताया।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महाविद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष, विधायक एवं अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को भी शामिल किया गया, जो शासकीय शैक्षणिक संस्थान के परिसर का राजनीतिक उपयोग किए जाने का मामला है। यहां ज्ञापन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि शासकीय शिक्षण संस्थान शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र हैं। ऐसे संस्थानों का उपयोग राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने प्राचार्य से आग्रह किया कि भविष्य में महाविद्यालय परिसर में किसी भी राजनीतिक गतिविधि का आयोजन नहीं कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां दोबारा होती हैं तो जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शशि शर्मा, जिला निर्वाचन प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, कल्याण सिंह वर्मा, योगेश करारे, मनोज जैन एवं ललित सेन सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर शिवपुरी को भी सूचनार्थ एवं आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित की है।

No comments:
Post a Comment