---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, November 1, 2026

जानकी सेना के संगीतमय सुंदरकांड के साथ हुआ द मुंबई रिजॉर्ट का भव्य शुभारंभ



मप्र राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

शिवपुरी। पड़ौरा चौराहे के समीप एबी रोड पर जानकी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत के नवीन प्रतिष्ठान द मुंबई रिजॉर्ट का शुभारंभ जानकी सेना के संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ भव्य एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुआ यह आयोजन रात्रि 11 बजे तक चला। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने उपस्थित होकर प्रतिष्ठान के संचालक विक्रम सिंह रावत को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया उपस्थित रहे। वहीं मुख्य संरक्षक के रूप में महामंडलेश्वर महाराज श्री पुरुषोत्तम दास जी, महामंडलेश्वर महाराज श्री अनिल आनंद, आध्यात्मिक गुरु डॉ. रघुवीर सिंह गौर एवं नीम करौली बाबा के प्रपौत्र श्री धनंजय शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा, सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत, समाजसेवी एवं बीड़ी नं. 72 के संचालक श्री त्रिलोक चंद्र अग्रवाल (बल्लू भैया), पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री गिर्राज दंडोतिया तथा जनपद पंचायत श्योपुर की अध्यक्ष श्रीमती रीना आशीष मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनके अलावा नगर के समाजसेवी, व्यापारी, चिकित्सक एवं अनेक गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

 शुभारंभ अवसर पर जानकी सेना द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का मनोहारी पाठ किया गया। भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण इस आयोजन के पश्चात सभी आगंतुकों के लिए प्रसादी स्वरूप स्नेहभोज की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों ने पूरे रिजॉर्ट परिसर का अवलोकन किया तथा यहां उपलब्ध खानपान एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिष्ठान के संचालक विक्रम सिंह रावत को नवीन व्यवसाय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न उपहार भी भेंट किए। वहीं प्रतिष्ठान की ओर से अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिवादन किया गया।

हाईवे यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा द मुंबई रिजॉर्ट

पड़ौरा चौराहे के समीप एबी रोड पर स्थित द मुंबई रिजॉर्ट को आकर्षक साज-सज्जा एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। यहां मुंबई चौपाटी, स्वीमिंग पूल और रूफटॉप जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही सुबह के नाश्ते, दोपहर के भोजन, शाम की चाय एवं रात्रि भोज की व्यवस्था भी रहेगी। इस प्रकार हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी एक ही परिसर में खानपान एवं मनोरंजन की सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में द मुंबई रिजॉर्ट के संचालक विक्रम सिंह रावत ने सभी अतिथियों, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नगरवासियों के आगमन और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

No comments: