शिवपुरी/बदरवास। जिले के बदरवास में मंगलवार की दोपहर अवैध आतिशबाजी पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस के द्वारा मोहम्मद हुसैन के विरूद्ध गैर इरादन हत्या का मामला पंजीबद्ध किया गया है। मामले को लेकर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। बता दें कि इस विस्फोट में मासूम बच्ची सहित 4 लोगों की मौत जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गए है। इस मामले में पुलिस ने घनी बस्ती में नियम विरूद्ध आतिशबाजी गोदाम व निर्माण किए जाने को लेकर संबंधित के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है।बताना होगा कि मंगलवार के रोज बदरवास में एबी रोड़ स्थित मंसूरी परिवार के यहां संचालित अवैध आतिशबाजी फैक्ट्री में विस्फोट के साथ धमाके की तेज गूंज के साथ आसपास के कई मकान तो हिल तक गए। इस अवैध पटाखा फैक्ट्री से चंद कदम की दूरी पर स्थित एसबीआइ बैंक के कर्मचारी और ग्राहक को बैंक से बाहर आकर खड़े हो गए। पहले बड़े विस्फोट के बाद दो और बड़े धमाके फैक्ट्री में हुए। इसके अलावा रुक-रुक कर करीब 1 घंटे तक यहां धमाकों की आवाज आती रही। इसके कारण रेस्क्यु भी प्रभावित होता रहा।
यहां बताना होगा कि इस अवैध फैक्ट्री में यह पहला विस्फोट नहीं है, इससे पहले करीब दो दशक के अंतराल में इस पटाखा फैक्ट्री में दो बड़े विस्फोट हो चुके हैं। करीब 25 साल पहले हुए एक हादसे में यहां तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद करीब 15 साल पहले एक और हादसा हुआ जिसमें एक और मौत हो गई। इन हादसों के बाद भी पैसों की भूख के चलते यह पूरा परिवार बारूद के ढेर पर रह रहा था और इस अवैध फैक्ट्री का संचालन रिहायशी बस्ती में कर रहा था। मामले को लेकर पुलिस ने मोहम्मद हुसैन उर्फ बब्लू पुत्र सुभान खान मंसूरी निवासी बदरवास पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

No comments:
Post a Comment